पुलिस ने 16.50 लाख रुपये के केसीसी लोन धोखाधड़ी का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

by Kakajee News

 

कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने वित्तीय धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में कुल 16.50 लाख रुपये के केसीसी लोन की राशि का दुरुपयोग कर पीड़ित के साथ धोखाधड़ी की गई थी।थाना प्रभारी कुकदुर टीआई आशीष कंसारी ने बताया कि पीड़ित गणेश राम धुर्वे, निवासी ग्राम बुचीपारा थाना पंडरिया, जिला कबीरधाम ने 24 फरवरी को थाना कुकदुर में रिपोर्ट दर्ज कराया था। उसके अपने आवेदन में बताया कि माह जुलाई 2024 में नेतराम डहरिया नामक व्यक्ति ने अपने आप को बैंक का लोन एजेंट बताकर उसके कृषि भूमि के दस्तावेज व हस्ताक्षर प्राप्त किए। इसके बाद उसने अपने साथी बैंक कर्मी के साथ मिलकर उनके नाम पर 16.50 लाख रुपये का केसीसी लोन स्वीकृत कराया और उक्त राशि को उनके बैंक खाते से एटीएम व ऑनलाइन माध्यम से स्वयं निकाल लिया।
रिपोर्ट पर थाना कुकदुर में धारा 318(4), 3(5) BNS व धारा 66(सी) IT एक्ट 2000 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया। विवेचना के दौरान पीड़ित व गवाहों के बयान किए गए। एक्सिस बैंक शाखा कवर्धा से पीड़ित के केसीसी लोन खाता व सेविंग खाता से संबंधित दस्तावेज, एकाउंट ओपनिंग फॉर्म व ट्रांजेक्शन डिटेल जब्त की गई। इसी प्रकार यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा चंदनीडीह रायपुर से आरोपी गिरीश कुमार वर्मा के सेविंग खाता का एकाउंट ओपनिंग फॉर्म व ट्रांजेक्शन डिटेल जब्त किए गए।
विवेचना के दौरान आरोपी गिरीश कुमार वर्मा निवासी कुम्हारी, जिला दुर्ग (छग) व नेतराम डहरिया निवासी इंदौरी, जिला कबीरधाम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।कबीरधाम पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार का लोन लेने या दस्तावेज उपलब्ध कराने से पूर्व उसकी सत्यता की पुष्टि स्वयं संबंधित बैंक शाखा में जाकर करें।किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा इस प्रकार के कार्य किए जाने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।

Related Posts

Leave a Comment