IPL 2021 का पूरा शेड्यूल जारी, 9 अप्रैल को आगाज, 30 मई को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में फाइनल

by Kakajee News

इस साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) के शेड्यूल का ऐलान हो गया है। एएनआई के मुताबिक, आईपीएल 2021 की शुरुआत 9 अप्रैल से होगी, जिसमें मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला होगा। यह मैच चेन्नई में खेला जाएगा जबकि फाइनल मुकाबला 30 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल संचालन परिषद ने जो कार्यक्रम तैयार किया है उसके अनुसार मैचों का आयोजन अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता में किया जाएगा।
बीसीसीआई की तरफ से आईपीएल के लिए मीडिया एडवाइजरी जारी कर दी है। इसके मुताबिक, लीग चरण में प्रत्येक टीम चार स्थलों पर खेलेगी। लीग चरण में कुल 56 मैच होंगे जिनमें से चेन्नई, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु 10-10 जबकि अहमदाबाद और दिल्ली आठ-आठ मैचों की मेजबानी करेंगे। इसमें कहा गया है कि इस आईपीएल की एक विशेषता यह होगी कि सभी मैच तटस्थ स्थलों पर खेले जाएंगे तथा कोई भी टीम अपने घरेलू मैदान पर नहीं खेलेगी। सभी टीमें लीग चरण में छह स्थानों में से चार में खेलेगी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि वह दो साल के बाद देश में टूर्नामेंट का सफल आयोजन करने में सफल रहेगा। टूर्नामेंट के दौरान मैचों में दर्शकों की मौजूदगी पर फैसला नहीं किया गया है।

Related Posts

Leave a Comment