हत्या और लूट के आरोपी नक्सली को घेरकर पकड़ा; आईजी ने 30 हजार, एसपी ने 12 हजार इनाम रखा था

by Kakajee News

सर्चिंग पर निकली पुलिस टीम ने हत्या और लूट के आरोपी नक्सली को पकड़ा है। एसपी कमलोचन कश्यप ने बताया कि भैरमगढ़ थाना से नक्सल विरोधी अभियान मे गुरुवार को एसडीओपी अविनाश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल की टुकड़ी तड़केल, पिनकोण्डा, तोयनार की ओर निकली थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर तोयनार से एक नक्सली जग्गू हेमला उर्फ जोगा उर्फ चीनू को घेराबंदी कर पकड़ा गया। इस पर आईजी ने 30 हजार और एसपी बीजापुर ने 12 हजार इनाम रखा था।
पकड़ा गया नक्सली मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नक्सली संगठन में जनताना सरकार का अध्यक्ष है और इस पर मिरतुर क्षेत्र में तालनार स्थित पंचायत भवन में तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाने, पाटलीगुड़ा नदी किनारे पुलिस पार्टी पर हमला, बेचापाल मतदान केंद्र से वोटिंग मशीन एवं कागजात की लूट में शामिल रहने, ग्रामीण पोयामी जयराम साकिन की गुप्ती से मारकर हत्या एवं 42400 की लूट, राहत शिविर सलवा जुड़ूम कैंप चेरली में निवासरत मुन्ना कुंजाम की धारदार हथियार से हत्या, फुलादी के ग्रामीण हेमला आयतु की टंगिया से मारकर हत्या जैसी कई घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।

Related Posts

Leave a Comment