नैनीताल के अनिरुद्ध की शादी चार जून को होनी है। बारात हल्द्वानी आनी है। बाकी तैयारियां हो चुकी हैं, पर बारात में जाने वाले 20 लोगों का नाम तय नहीं हो पा रहे हैं। दरअसल नियमानुसार प्रशासन से अनुमति लेते हुए बारातियों के नाम भी बताने हैं और कोरोना की निगेटिव जांच रिपोर्ट भी दिखानी है। ऐसे में घर के बड़ों ने तय किया है कि बच्चे और महिलाएं बारात में नहीं जाएंगे। केवल गिनती के बड़े सयाने ही बारात में शामिल होंगे। इस छंटनी में 60 साल से अधिक उम्र वालों का भी नंबर आ रहा है। तय किया गया बारात निपटने के बाद दूल्हा दुल्हन खुद आकर बुजुर्गों का आशीर्वाद ले लेंगे। मई-जून में शादियों के 16 मुहूर्त हैं। कोरोना के खतरे के बीच सरकार ने लोगों से शादियों को टालने की अपील की है।
मगर तय हो चुके कुछ बेहद अहम मामलों में लोग विवाह आयोजित कर रहे हैं। मगर इनके लिए नियम कायदे इतने सख्त हो गए हैं कि लोग खुद परेशान हैं। दरअसल शादी में आने वाले मेहमानों की सूची के साथ उनकी कोरोना नेगेटिव रिपोर्ट के बाद ही प्रशासन से मंजूरी मिल रही है, इसलिए शादी केवल घर के कुछ लोगों के बीच ही हो रही है। ऐसे में बारातियों की लिस्ट से बच्चों और महिलाओं के नाम हटाए जा रहे हैं। एसडीएम नैनीताल प्रतीक जैन के अनुसार लोगों से शादियां टालने की अपील की गई है। मगर बेहद अहम मामलों में अनुमति दी जा रही है। अगले कुछ दिनों में करीब चार विवाह समारोह की अनुमति दी गई है। गरमपानी, बेतालघाट में सोमवार को विवाह समारोह की अनुमति लेने दस लोगों के आवेदन आए हैं।
मेन्यू से आइसक्रीम गायब
कोरोना के खतरे के बीच शादियों के मेन्यू से आइसक्रीम पूरी तरह गायब हो गई। आइसक्रीम के सप्लायर महेंद्र बिष्ट के अनुसार इस साल डिमांड पूरी तरह खत्म हो चुकी है। शादियों में सबसे ज्यादा खपत होती थी। इस साल मांग नहीं है तो उत्पादन भी कम हो रहा है। रीटेल में भी लोग आइसक्रीम नहीं ले रहे। टेंट सहित बाकी कारोबार के लिए भी शादियों को लेकर बरती गई सख्ती काफी मुश्किलें खड़ी कर रही हैं।
शादियों के मुहूर्त
मई – 22, 23, 24, 25, 26, 28, 29 और 30
जून – 3, 4, 5, 16, 20, 22, 23, और 24
जुलाई – 1, 2, 7, 13 और 15
