रायगढ़. जिला जेल में अवैध शराब प्रकरण में 3 दिन पहले जेल पहुंचे एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक को पेट दर्द की शिकायत थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपरांत ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थानांतर्गत ग्राम भालूमार में रहने वाले नीलमणि यादव पिता सोहन लाल (27 वर्ष) को पुलिस ने अवैध शराब के मामले में रंगे हाथों मयमाल धरदबोचते हुए उसके खिलाफ आबकारी एक्ट का केस दर्ज किया था। वहीं न्यायालय में पेश करने के बाद नीलमणि को पुलिस ने विगत 8 जून को जिला जेल में दाखिल किया गया था। बताया जाता है कि नीलमणि की तबियत शुक्रवार को अचानक इस कदर बिगड़ी कि हालत बिगड़ने पर उसे जेलकर्मियों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। आबकारी एक्ट के आरोपी की उपचार के दौरान मौत के पीछे की वजह क्या है इसका खुलासा अभी नही हो सका है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट उपरांत ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। बहरहाल पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
