रुद्रपुर में 50 हजार रुपये में बेची गयी एक युवती को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग स्क्वॉयड (एएचटीएस) ने आरोपियों के चंगुल से मुक्त करा लिया। आरोपी युवती को कार से ले जा रहे थे। चेकिंग के दौरान रोकने पर आरोपियों ने स्क्वॉयड प्रभारी को कार से कुचलने का प्रयास किया।
स्क्वॉयड प्रभारी ने किसी तरह जान बचायी, लेकिन कार की टक्कर से उनका हाथ जख्मी हो गया। पुलिस ने दो आरोपियों को दबोच लिया, एक महिला समेत दो आरोपी भाग निकले। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात एएचटीएस प्रभारी बसंती आर्या को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी एक युवती को 50 हजार रुपये में खरीदा है और उसे स्विफ्ट कार से गदरपुर लेकर जा रहे हैं।
उधर, आरोपियों की कार करीब आधा किलोमीटर आगे हाईवे पर लगे जाम में फंस गयी। उसी बीच आर्या भी टीम संग वहां पहुंच गयीं। पुलिस को देख कार सवार एक महिला और एक युवक कार से उतर कर भाग निकले। पुलिस ने कार से दो युवकों को दबोच लिया और अपहृत युवती को उनके चंगुल से छुड़ाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सोनू निवासी इस्लामनगर बिजनौर (यूपी) और भूपेंद्र सिंह निवासी केलाखेड़ा (ऊधमसिंह नगर) बताये।
उन्होंने बताया कि वे मूलत: टकलिया, लखीमपुर खीरी (यूपी) के रहने वाले हैं और उन्होंने हाल ट्रांजिट कैंप निवासी लक्ष्मी से इस युवती को 50 हजार रुपये में खरीदा था। इसके बाद वे युवती को गदरपुर में किसी व्यक्ति को बेचने जा रहे थे। उन्होंने बताया कि लक्ष्मी और कार सवार एक अन्य आरोपी रंजीत सिंह उर्फ रानू निवासी केलाखेड़ा (ऊधमसिंह नगर) फरार हो गये। एएचटीएस टीम ने आरोपियो के कब्जे से छुड़ायी युवती को सुरक्षा में रखा है।
एएचटीएस प्रभारी बसंती आर्या ने कहा, ‘दो आरोपी पकड़े गये हैं। दो फरार हैं। फरार आरोपी और गदरपुर में जिस व्यक्ति को युवती को बेचने की तैयारी थी, उसकी तलाश की जा रही है। उच्च अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दे दी गयी है।’
इस पर आर्या ने टीम के साथ काशीपुर हाईवे स्थित फ्लाईओवर के समीप वाहनों का तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कुछ देर बाद संदेह के आधार पर एक स्विफ्ट कार को देख जैसे ही एएचटीएस प्रभारी ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ा दी। कार चालक ने कार को तेजी से प्रभारी आर्या की ओर मोड़ दिया। आर्या वहां से दूर हटीं, लेकिन उनका हाथ कार से टकराकर बुरी तरह जख्मी हो गया। आरोपी कार लेकर भाग निकले। एएचटीएस प्रभारी आर्या ने टीम संग कार का पीछा किया।
