बिलासपुर। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तरी छत्तीसगढ़ में खराब मौसम से आज तीसरे दिन भी राहत नहीं मिली। हल्की बारिश के बाद अंबिकापुर के अधिकतम तापमान में साढ़े तीन डिग्री की तगड़ी गिरावट हुई है। इससे लोग दिन में भी ठंड से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई है। पिछले तीन दिनों से बिगड़े मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है, अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है।
सोमवार सुबह से आसमान बादलों से ढंका हुआ है। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी भी हुई। ठंडी हवाओं के चलने से दिन के तापमान में गिरावट हो रही है। शनिवार को अंबिकापुर शहर का अधिकतम तापमान 24.8 था जो रविवार को गिरकर 21.3 डिग्री पर पहुंच गया। आज भी ठंडी हवा के चलने से दिन के तापमान में और गिरावट की संभावना है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। वहीं राजधानी रायपुर में भी आज सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मध्य भारत में उत्तर पश्चिम और दक्षिण पूर्व से आने वाली हवाओं के मिलने से कम दाब का क्षेत्र निर्मित हो रहा है, जिसकी वजह से आज और कल राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा हाे सकती है।
355
