कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया थाना क्षेत्र की करमा हरिजन बस्ती की एक महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। दोनों बच्चों की भी मौत हो गई। महिला की पहचान 25 वर्षीय संजू देवी (पति पिंटू दास), ढाई वर्षीय बेटी अंशिता व छह माह के पुत्र आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को बरामद कर लिया है। वहीं मृतका के पति पिंटू दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक महिला का पति के साथ 13 अगस्त की रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला रात को ही अपने दो बच्चे अंशिता व आकाश को साथ लेकर घर से निकल गई। जबकि एक अन्य बेटा चार वर्षीय अंकुश घर पर ही था। वापस नहीं लौटने पर महिला की खोजबीन की जा रही थी। इसके बाद रविवार देर शाम घर के बगल स्थित आंगनबाड़ी के पास बने कुएं में महिला व बच्चों का शव मिला।
घटना के बाद मृतका की सास कुंती देवी, ससुर महादेव दास व अन्य फरार हैं। पुलिस पति को हिरासत में लेकर थाना ले आयी है। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए पति से पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
