15 राशन डीलरों पर गिरी गाज, 12 के लाइसेंस निलंबित, पढ़ें लिस्ट में किस-किसका नाम है शामिल

by Kakajee News

अनियमितता के आरोपों में शुक्रवार को जमशेदपुर शहरी क्षेत्र के 15 डीलरों पर एक साथ कार्रवाई हुई है। इनमें से 12 के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि तीन को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ है। विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी (एसओआर) नवीन कुमार ने इन दुकानों की औचक जांच में अनियमितता पकड़ी है।

जिन दुकानदारों को निलंबित किया गया है, उनमें मानगो के राम विलास साव (लाइसेंस नंबर 94(एच) 2017), अशोक कुमार (लाइसेंस नंबर 235(एच) 2021), सदानंद सिंह (लाइसेंस नंबर 114/85), जेजीसीसी कोऑपरेटिव स्टोर ब्रांच-22 (लाइसेंस नंबर 109/85), शिव शंकर अग्रवाल (लाइसेंस नंबर 47/85), मार्शल महिला समिति (लाइसेंस नंबर 06/09), जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र के संजय साव (लाइसेंस नंबर 236(एच) 2021), सत्यनारायण (लाइसेंस नंबर 18/2003), हेमंत कुमार महतो (लाइसेंस नंबर 26/96), राजेश कुमार उपाध्याय (लाइसेंस नंबर 240/2011), शंभु हो (लाइसेंस नंबर 59/03) और रामरतन साहु (लाइसेंस नंबर 178(एच) 2017) शामिल हैं।

इन सभी पर आहार पोर्टल में प्रदर्शित ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार, अगस्त के दौरान 50% से कम राशन वितरित करने के आरोप हैं, जबकि महीना बीतने को है। दो ने तो मात्र 21-21 प्रतिशत राशन ही बांटे हैं। इसलिए कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में लाइसेंस निलंबन किए गए हैं। सभी से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है।

तीन डीलरों से पूछा गया स्पष्टीकरण
भुइयांडीह ग्वाला बस्ती के कन्हाई साव (लाइसेंस नंबर 55एच/2017), जुगसलाई के आदर्श सहकारी उपभोक्ता भंडार लि. (लाइसेंस नंबर 40/85) और जुगसलाई की ही सुलोचना देवी (लाइसेंस नंबर 02/91) से स्पष्टीकरण पूछा गया है। इन तीनों से तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है। साव पर आरोप है कि कार्डधारक को पूरा अनाज नहीं दिया, आदर्श सहकारी ने बिना सूचना दिए दूसरे कमरे में भंडार बना लिया और स्टॉक जांच में 200 लीटर केरोसिन कम मिला। सुलोचना देवी पर आरोप है कि उसने मो. नौशाद को दुकान दे दी है।

Related Posts

Leave a Comment