रायगढ़। छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे ओडिसा के बरगढ़ जिले से रायगढ़ जिले में गांजा तस्करी का दौर लगातार जारी है। इस सीमा पर आबकारी विभाग, पुलिस विभाग के साथ साथ आरटीओ की टीमें भी तैनात है बावजूद इसके तस्करी उनकी आंखों में धूल झोंककर छत्तीसगढ़ सीमा में मादक पदार्थ गांजा लेकर प्रवेश कर रहे हैं।
कहने को तो सरिया पुलिस के साथ साथ कुछ मामलों में बरमकेला पुलिस तस्करों को पकड़ रही है, लेकिन तस्करी का यह सिलसिला थमने की बजाए जस की तस जारी है और इससे साफ लगता है कि कुछ तस्करों की सीधी मिलीभगत पुलिस से है और नए तस्करों को मुखबिरों के जरिए पकड़कर पुलिस वाहवाही लूट रही है। जानकार सूत्र बताते हैं कि दो पहिया, चार पहिया के साथ साथ बसों के माध्यम से गांजा तस्कर बड़े आराम से अपनी तस्करी को अंजाम दे रहे हैं और कुछेक मामलों में पुलिस छोटे तस्करों को पकड़कर सब कुछ ठीक ठाक होनें का दावा कर रही है।
पुलिस की विज्ञप्ति के अनुसार सरिया पुलिस ने आज फिर से चार किलो गांजा तस्करी करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जबकि इसी दिन बड़े गांजा तस्कर बड़ी खेप लेकर आराम से वहां से निकल गए हैं। जानकार सूत्र बताते हैं कि बड़े अधिकारियों की धौंस देकर कुछ पुलिस वाले छोटी मोटी कार्रवाई करके अपना थाना बचाने की जद्दोजहद में लगे हैं।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार आज पकड़े गए गांजा तस्कर का नाम प्रवीण तिवारी उम्र 32 वर्ष साकिन भगवानदास चंदेल वार्ड खुरई थाना खुरई जिला सागर म.प्र. का होना बताया। मुखबिर के बताए हुलिए से युवक की पूर्णतः मिलान होने पर युवक से गांजा तस्करी के संबंध में कड़ी पूछताछ किए जाने पर संदेही मादक पदार्थ गांजा को बिक्री हेतु ओडिसा तरफ से लाना बताया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 20 हजार रूपए बताई जाती है।
