Indore Crime News: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। चर्चित संदीप तेल हत्याकांड का मास्टरमाइंड देवीलाल जाट निम्बाहेड़ा में गिरफ्तार हुआ है। गैंगस्टर देवीलाल की पुलिस से मुठभेड़ भी हुई है। मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई थानों की पुलिस ढाई साल से पीछा कर रही थी। जेल में बंद गैंगस्टर सुधाकर राव मराठा के खास साथी देवीलाल पर मंदसौर, इंदौर, क्षिप्रा में हुई कई हत्याओं में हाथ होने का शक है।
विजयनगर थाना पुलिस के अनुसार निम्बाहेड़ा (राजस्थान) कोतवाली थाना पुलिस ने देवीलाल पुत्र भेरूलाल जाट निवासी अंबानगर के गिरफ्तारी की सूचना दी है। पुलिस ने बताया कि जाट सोमवार को उस वक्त पकड़ा गया, जब इंद्रा कालोनी निवासी दिनेश पर हमला करने आया था। पुलिस द्वारा ललकारने पर उसने गोलियां भी चलाई। अब क्राइम ब्रांच व विजयनगर थाने की टीम पूछताछ करने भेजी जाएगी।
टीआइ के अनुसार देवीलाल संदीप तेल (कमोडिटी कारोबारी) की हत्या के पहले गैंगस्टर सुधाकर राव (जेल में बंद) के साथ केबल व्यवसायी रोहित सेठी (जेल में बंद) के फार्म हाउस पर बैठक में आया था। डील तय होने के बाद सुधाकर साजिश के तहत जेल में बंद हो गया और देवीलाल फरार हो गया। इंदौर आइजी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।
शराब ठेकेदार के मैनेजर की हत्या में भी देवीलाल का हाथ!
जांच में शामिल अधिकारियों के अनुसार देवीलाल गैंगस्टर सुधाकर राव के साथ मिलकर निम्बाहेड़ा में खदान, मंदसौर में डोडाचूरा और प्रतापगढ़ में अफीम कारोबारियों से लाखों रुपये की अवैध वसूली करता है। फरारी के दौरान शूटर देवीलाल के निम्बाहेड़ा स्थित ढाबे में ही फरारी काटते थे।
दो साल पहले बाइक सवारों ने शराब ठेकेदार के मैनेजर रूपेश चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने सुधाकर के साथी शैलेंद्र पंवार को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अब इसमें देवीलाल जाट का हाथ होने की आशंका भी जताई जा रही है। उस पर मंदसौर के शूटर अजय भोई और विकास तिवारी की हत्या का भी आरोप है।
शूटर जीतू बना को सुपारी देकर करवाई तेल की हत्या
देवीलाल जाट और सुधाकर राव मराठा ने 16 जनवरी 2019 को राजस्थान के शूटर जीतू बना को सुपारी देकर हत्या करवाई थी। घटना में जीतू के साथ टार्जन व अन्य आरोपित शामिल थे। जीतू जयपुर जेल में बंद है और सुरक्षा कारणों से अभी तक रिमांड पर नहीं आया है।
