भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। राजधानी में साइबर ठगी के मामले में थमते नजर नहीं आ रहे। इसी क्रम में अलग-अलग थाना इलाके में धोखाधड़ी के चार मामले सामने आए। इनमें से एक मामला एमपी नगर थाना इलाके का है, जहां रहने वाली एक युवती को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर केवायसी अपडेट करने का झांसा दिया। इसके बाद उसके खाते से 40 हजार रुपये उड़ा लिए।
एमपी नगर थाना पुलिस के मुताबिक गीतांजलि पांडे (38) केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-एक स्थित शासकीय आवास में रहती हैं। पांच अक्टूबर को दोपहर में उनके पास अनजान व्यक्ति का फोन आया। उसने अपना परिचय एसबीआइ उदयाचल बैंक शाखा के अधिकारी के रूप में दिया। साथ ही बोला कि आपके बैंक खाते को लेकर केवायसी अपडेट करनी है। बातचीत के दौरान ही उसने खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी ले ली। इसके बाद गीतांजलि के खाते से दो बार में 40 हजार रुपये निकल गए। रुपये कटने के मैसेज मोबाइल पर आने के बाद गीतांजलि ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम पुलिस से की थी। वहां से यह मामला एमपी नगर थाने के पास पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं मिसरोद के दानिश नगर निवासी सुरेंद्र गांधी के बैंक खाते से इसी तरह 55 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्हें भी केवायसी अपडेट करने का फोन आया था।
उधर बीडीए कॉलोनी, अवधपुरी में रहने वाले जयगोपाल वर्मा के साथ 37 हजार रुपये की ठगी हो गई। जयगोपाल के पास आरबीएल कंपनी का क्रेडिट कार्ड था। कुछ समय पहले उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर पर फोन कर क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने के लिए बात की थी। बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि कार्ड गुम होने या उसका गलत उपयोग करने पर ही उसे ब्लॉक किया जाता है। 30 अगस्त 2021 को अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और क्रेडिट कार्ड के बारे में पूरी जानकारी पूछने के बाद कहा कि उनका कार्ड ब्लॉक कर दिया गया है। कुछ दिन बाद जयगोपाल ने बैंक जाकर कार्ड ब्लॉक की जानकारी ली। वहां पता चला कि उनके खाते से 37 हजार रुपये कट गए। इसी प्रकार निशातपुरा में रहने वाले मेहफूज खान से पांच हजार दो सौ रुपये की ऑनलाइन ठगी हो गई।
