Air Force Plan Crash in Bhind: भिंड के मन का बाग गांव में गिरा एयरफोर्स का मिराज, पायलट के पैराशूट से कूदने का वीडियाे वायरल, हेलीकाप्टर से पहुंचाया ग्वालियर

by Kakajee News

Air Force Plan Crash in Bhind: भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मन का बाग गांव के बीहड़ में वायु सेना का मिराज विमान क्रैश हो गया। फ्लाइट लेफ्टिनेंट अभिलाष समय रहते पैराशूट की मदद से विमान से बाहर हो गए थे, इसलिए वह सकुशल हैं। घटनास्थल के समीप सरसाें के खेत में दाे मिसाइलनुमा चीजें मिली हैं। हालांकि अभी पुलिस यह नहीं बता रही है कि यह मिसाइल हैं या डमी है। यदि लाेडेड मिसाइल है ताे बड़ा हादसा हाे सकता था, जाे टल गया। उधर फ्लाइट लेफ्टिनेंट का पैराशूट से कूदते हुए वीडियो तेजी से इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की जानकारी लगते ही एसपी मनाेज कुमार सिंह एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं एयरफोर्स के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। साथ ही फ्लाइट लेफ्टिनेंट को हेलीकाप्टर से ग्वालियर पहुंचा दिया गया है। जहां आर्मी हास्पिटल में उनका चेकअप एवं उपचार किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि एयरफोर्स का मिराज विमान नियमित प्रशिक्षण पर रवाना हुआ था। इसी दौरान भिंड जिले के मन का बाग इलाके में अचानक कोई गड़बड़ी आई और इसके बाद फ्लाइट लेफ्टिनेंट अभिलाष को पैराशूट के जरिए विमान से एग्जिट होना पड़ा। विमान सीधे खेतों में जाकर गिरा। उधर आसपास के लोगों ने जब विमान की आवाज सुनी तो घरों के बाहर निकल आए। विमान खेतों में क्रेश हुआ इसलिए किसी प्रकार की कोई जनहानि की खबर नहीं है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। लोगों ने फ्लाइट लेफ्टिनेंट का पैराशूट से जमीन पर उतरते हुए का वीडियो भी बनाया है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी लगते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। भीड़ को घटनास्थल से दूर रखने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही एयरफोर्स के अधिकारी भी जल्द ही यहां पहुंचने वाले हैं।

पहले भी हो चुके हादसे : ग्वालियर एयरफोर्स के विमान पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कुछ घटनाओं में पायलट की मौत भी हो चुकी है।

Related Posts

Leave a Comment