उज्जैन मोहननगर निवासी युवती को एक व्यक्ति ने फोन करके झांसा दिया कि उसके पापा को रुपये देना है इसलिए उसका नंबर दिया है। युवती को फोन करने वाले युवक ने कहा कि वह मैसेज भेज रहा है उस पर क्लिक करें। जैसे ही युवती ने मैसेज पर क्लिक करके जानकारी डाली उसके बैंक खाते से 80 हजार रुपये गायब हो गए। युवती ने चिमनगंज पुलिस को शिकायत की है।
पुलिस ने बताया कि मोहन नगर निवासी चंचल चौधरी के पास मंगलवार शाम को एक व्यक्ति ने फोन करके कहा था कि उसके पिता को रुपये देना है इसलिए आपका नंबर दिया है। युवती के पिता की गजक की दुकान है इसलिए उसने सोचा की पिताजी ने शायद नंबर दिया होगा। फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसने रुपये भेज दिए हैं। मैसेज में आने वाली लिंक पर क्लिक करो तो रुपये बैंक खाते में आ जाएंगे। चंचल ने जैसे ही मैसेज पर क्लिक किया तो उसके बैंक खाते की डिटेल व पासवर्ड मांगा गया था।
जिस पर युवती ने जानकारी डाली तो उसके बैंक खाते से 20 हजार रुपये गायब हो गए, इस पर उसने फोन करने वाले व्यक्ति को कहा कि रुपये आने के बजाए रुपये कट गए हैं। जिस पर फोन करने वाले ने कहा कि गलती से कट गए होंगे एक बार फिर से क्लिक करो, दूसरी बार में युवती के फिर से 20 हजार रुपये कट गए तथा तीसरी बार में 40 हजार रुपये गायब हो गए। इस तरह चंचल के बैंक खाते से कुल 80 हजार रुपये गायब हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
