बिलासपुर। Bilaspur Crime News: शादी के बाद मायके से रुपये लाने और ऑडी कार नहीं लाने पर पत्नी को प्रताड़ित करने वाले पति समेत छह लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। महिला थाना पुलिस आरोपित पति और ससुराल वालों की तलाश कर रही है।
टिकरापारा में रहने वाली 26 वर्षीय विवाहिता ने ससुराल वालों के खिलाफ मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने की शिकायत की है। पीड़ित ने अपनी शिकायत मे बताया कि उनकी शादी अक्टूबर में रायपुर के तेलीबांधा निवासी मनमीत सिंह चावला से हुई। उनके मां-पिता ने हैसियत के अनुसार दहेज का सामान दिया। साथ ही दोनों पक्ष के शादी का खर्च भी उठाया। शादी भी शहर के महंगे होटल में हुई।
विवाह के दौरान 15 लाख स्र्पये नकद दिया गया। ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों को 21 सौ स्र्पये दिया गया। शादी के एक माह बाद ही ससुराल वाले दहेज में ऑडी कार की मांग करने लगे। वहीं, उनके पति आए दिन शराब पीकर आने लगे। विवाहिता ने बताया कि उनका पति अधिकतर समय जिम में लड़कियों के साथ बिताता है। देर रात तक लड़कियों से चेटिंग करते थे। विवाहिता को उनके मां-पिता से मोबाइल पर बात करने से मना किया जाता था।
बात करने पर मारपीट की जाने लगी। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे। मारपीट से परेशान विवाहिता ने इसकी जानकारी मायके वालों को दी। मायके वालों ने भी उन्हें समझाइश दी। इसका कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद विवाहिता अपने मायके आ गई। यहां उसने महिला थाने में घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस आरोपित पति समेत छह लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।
