Jabalpur Crime News: महिला बनकर मांगतेे थे लिफ्ट, फिर गिरोह करता था लूटपाट, तेंदूखेड़ा में जबलपुर के चार बदमाश गिरफ्तार

by Kakajee News

जबलपुर, सुनसान क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह को तेंदूखेड़ा पुलिस ने पकड़ा है। यह गिरोह अपने एक साथी को महिला बनाकर सड़क पर खड़ा कर देते थे और लिफ्ट के बहाने वाहन चालकों को रोकते थे। जो भी वाहन चालक रुकता था उसके साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। तेंदूखेड़ा एसडीओपी अशोक चौरसिया ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जानकारी दी। पकड़े गए चार आरोपित जबलपुर जिले के निवासी हैं जिनके पास चोरी की तीन बाइक और लूट में इस्तेमाल करने वाले हथियारों को बरामद किया गया है।

लूट करने नाग बाबा के पास बैठे थे: तेंदूखेड़ा पुलिस ने जिन चार आरोपितों को पकड़ा हैं वह सभी जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना अंतर्गत रहने वाले हैं। यह लोग अपने दो अन्य साथियों के साथ गुरुवार की रात तेंदूखेड़ा और झलौन के बीच नाग बाबा के पास एक पुलिया के नीचे लूट की घटना को अंजाम देने के लिए बैठे थे। मुखबिर से सूचना मिलने पर टीआइ बीएल चौधरी, एएसआइ महेश विश्कर्मा, एएसआइ मुबारक खान, एएसआइ आनंद राज, आरक्षक मनीष साहू, ब्रजेश सिंह, सुरेश, योगेश मिश्रा, विमल राजेंद्र, सलमान खान, लक्ष्मण पटेल को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि गिरोह के दी सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।

हथियार के साथ मिली चोरी की बाइक: जिन चार आरोपितों को तेंदूखेड़ा पुलिस ने पकड़ा है वह सभी हथियार से लैस थे। उनके पास देशी कट्टा, तलवार, बका, गुप्ती और वाहन पंचर करने वाला कील लगा पटिया बरामद कि या गया है। पूछताछ में उन्होंने अनेक वारदात कबूली हैं। पकड़े गये आरोपितों के पास से चोरी की तीन बाइक भी मिली हैं। यह बाइक अलग- अलग जगह से चुराई गई थी। एक बाइक जबलपुर जिले के सहजपुर से चुराई थी जो शहपुरा के समीप है। दूसरी बाइक छिरारी जिला सागर से और तीसरी बाइक तेंदूखेड़ा जिला दमोह से चुराई थी जिसकी चोरी की रिपोर्ट भी तेंदूखेड़ा थाने में दर्ज है।

आरोपितों पर दर्ज कई मामले: चारों आरोपित पुराने चोर और लूटरे हैं। जिन्होंने दमोह जिले की कोतवाली थाना क्षेत्र के साथ तेंदूखेड़ा थाना, पाटन सहित आसपास के जिलों के थानों में घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपितों के संबंध में जानकारी देते हुए तेंदूखेड़ा टीआई बीएल चौधरी ने बताया कि आरोपित पुराने अपराधी है और उन पर दर्जनों से ज्यादा लूट व चोरी के मामले दर्ज हैं। गुरुवार की रात्रि भी यह लोग तेंदूखेड़ा थाने अंतर्गत तेंदूखेड़ा और झलौन मार्ग के बीच लूट की घटना को अंजाम देने बैठे थे। मुखबिर की सूचना के बाद इन्हे पकड़ा गया है।

साड़ी पहनकर देते थे झांसा: आरोपितों में नीलेश पिता पनवेश्वर दुबे ग्राम बेलखेड़ा जिला जबलपुर, सूरज पिता नवल आदिबासी बेलखेड़ा जिला जबलपुर, तीसरा आरोपित सुनील पिता गुड्डा आदिवासी निवासी बेलखेड़ा और चौथा आरोपित दुर्गेश पिता भावसिंह लोधी निवासी बेलखेड़ा है। जो दो आरोपित फरार हुए हैं उनमें एक जबलपुर जिले का है और दूसरा दमोह जिले का है जिनकी तलाश जारी है। आरोपितों ने बताया कि यह लोग अपने साथियों को साड़ी पहनाकर महिला बनाकर सुनसान सड़क पर खड़ा कर देते थे। उसके बाद वाहन चालकों को लिफ्ट देकर रोकते थे और फिर उनके साथ लूटपाट करते थे। वाहन को पंचर करने के लिए लोहे की कील लगा एक पटिया रखते थे।

Related Posts

Leave a Comment