भारत में बनेंगे ट्रेन के पहिये, प्लांट लगाने के लिए प्राइवेट कंपनियों को न्यौता

by Kakajee News

डेस्क न्यूज। रेलवे ने पहिया कारखाना लगाने के लिए ट्रेंडर जारी किया है। इस कारखाने में हर साल कम-से-कम 80,000 पहियों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही रेल पहियों का निर्यातक बनने के लिए खाका तैयार किया गया है।रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे ने पहली बार रेल पहिया प्लांट लगाने के लिए निजी कंपनियों को आमंत्रित किया है।

इस ‘मेक इन इंडिया’ संयंत्र में तेज रफ्तार वाली ट्रेनों और यात्री कोचों के लिए पहिये बनाए जाएंगे। हर साल यहां बनने वाले 80,000 पहियों की 600 करोड़ रुपये मूल्य में सुनिश्चित खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब रेलवे ने पहिये के विनिर्माण के लिए निजी क्षेत्र को आमंत्रित किया है।

भारतीय रेल को हर साल दो लाख पहियों की जरूरत है। इस योजना के मुताबिक, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) जहां एक लाख पहियों का विनिर्माण करेगी वहीं बाकी एक लाख पहिये इस नए ‘मेक इन इंडिया’ संयंत्र में बनाए जाएंगे।

यह निविदा इसी शर्त पर दी जाएगी कि इस संयंत्र में बनने वाले रेल पहियों का निर्यात भी किया जाएगा और यह निर्यात यूरोपीय बाजार को किया जाएगा। निविदा में यह प्रावधान भी किया गया है कि संयंत्र को 18 महीनों के भीतर स्थापित कर लिया जाएगा।

फिलहाल रेलवे बड़े पैमाने पर यूक्रेन, जर्मनी और चेक गणराज्य से पहिये आयात करता है। लेकिन यूक्रेन पर रूस के हमले की वजह से पहियों की खरीद अटक गई है और रेलवे को विकल्प तलाशने के लिए मजबूर होना पड़ा है। बता दें कि रेलवे ने मई में वंदे भारत ट्रेनों के लिए 39,000 पहियों की आपूर्ति का 170 करोड़ रुपये का ठेका चीन की एक कंपनी को दिया था।

Related Posts

Leave a Comment