Raigarh News : जंगली हाथी का तीन दिन पुराना शव मिला, बीट गार्ड की लापरवाही उजागर

by Kakajee News

रायगढ़. रायगढ़ जिले के छाल रेंज में एक बार फिर से जंगली हाथी की तीन दिन पुरानी लाश मिली है। हाथी शव मिलने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार छाल रेंज के हाटी सर्किल के कंपार्टमेंट 555 पीएफ कोल्हियामुडा में आज गांव के ग्रामीणों ने एक जंगली हाथी की लाश मिलने की सूचना वन विभाग को दी। उक्त जंगली हाथी का शव दो से तीन दिन पुरानी बताई जा रही है। हाथी शव मिलने की सूचना मिलते ही आनन-फानन में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचे और एक बार फिर मीडिया से घटना स्थल से दूर रखा गया। हाथी के मौत के कारणों के संबंध में वन विभाग के अधिकारियों का कहना था कि पूरे मामले की जांच चल रही है और जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत किन कारणों से हुई है।


छाल रेंज में जंगली हाथी के तीन दिन पुराना शव मिलने की घटना से एक बार फिर इस क्षेत्र के बीट गार्ड की लापरवाही को उजागर किया है। तीन दिन पुराना हाथी का शव मिलने की घटना से पता चलता है कि विभाग जंगल ओर यहां रहने वाले वन्य प्राणियों के प्रति कितना गंभीर है। इससे पहले भी धरमजयगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमाबीरा में 27 सितंबर को एक जंगली हाथी का सात दिन पुराना शव मिला था। यहां भी क्षेत्र के बीटगार्ड की लापरवाही खुलकर सामने आई थी।


विदित रहे कि रायगढ़ जिले में लगातार बढ़ते जंगली हाथियों की संख्या से पिछले कुछ सालों से हाथी और मानव के बीच द्वंद्व भी जारी है। हाथी प्रभावित क्षेत्र के गांव से कभी इंसान तो कभी हाथी की मौत की खबर अक्सर अखबारों की सुर्खियां बनती रही है।

Related Posts