भोपाल, । रायसेन रोड पर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक भालू को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। हादसा बिलिखिरिया थाने के पास रात तकरीबन दो बजे हुआ। राहगीरों ने भालू को सड़क पर तड़पता देख इसकी सूचना बिलखिरिया पुलिस को दी। पुलिस ने पहले रायसेन और फिर भोपाल वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सबसे पहले रायसेन का वन अमला पहुंचा था, फिर भोपाल वन मंडल की क्रैक टीम पहुंची थी। लेकिन दोनों टीमें इस बात को लेकर उलझ गईं कि हादसा किसके क्षेत्र में हुआ। आखिरकार सुबह तकरीबन नौ बजे भोपाल की क्रैक टीम ने भालू को वन विहार नेशनल पार्क पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसकी उम्र छह साल बताई जा रही है।
भालू को रात दो बजे बिलखिरिया थाना के पास किसी वाहन चालक ने टक्कर मारी थी। हादसे में घायल भालू सड़क के किनारे घंटों पड़ा रहा। सुबह कुछ लोगों ने उसे देखा और वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जो आम लोगों तक पहुंचा। इस पर वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया और वन विहार नेशनल पार्क की टीम भी मौके पर रवाना की गई। तब तक भोपाल सामान्य वन मंडल की क्रैक टीम घायल भालू को लेकर आ चुकी थी। सुबह करीब नौ बजे भालू को पार्क में शिफ्ट कर दिया और उसका इलाज शुरू हो गया है।
पार्क के डिप्टी डायरेक्टर अशोक जैन ने बताया कि भालू की हालत ठीक नहीं है। उसके शरीर में गंभीर चोटें आई है। पिछले हिस्से में अधिक चोटें हैं। वह डाइट लेने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसे ड्रिप के जरिए फ्लूड दिया जा रहा है। उसकी स्थिति ठीक नहीं हुई तो की अन्य जांचें की जाएंगी।
वाहन चालक को खोजेगा वन विभाग
भालू को गंभीर चोट आई है। उसकी जान भी जा सकती है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना कि भालू को टक्कर मारने वाले वाहन चालक को खोजा जाएगा। उसके खिलाफ भालू को टक्कर मारने और घायल होने के बाद छोड़कर भागने के मामले में प्रकरण दर्ज करेंगे।
