पूरे गांव की बिजली काट दी फिर हत्या की वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार, इस वजह से दिया घटना को अंजाम, पढ़ें पूरी खबर

by Kakajee News

कांकेर. जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में 3 दिन पहले सहकारी समिति के अध्यक्ष की हत्या के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार जीजा-साले ने बताया कि दोनों ने जादू-टोने के शक में सहकारी समिति के अध्यक्ष सोनसाय की हत्या की थी। बताया जा रहा है कि मृतक सोनसाय गांव में बैगा का काम भी करता था। हत्या धुर नक्सल प्रभावित कोयलीबेड़ा ब्लॉक के केसोकोडी गांव में हुई थी।

 

24 मार्च की रात कोयलीबेड़ा क्षेत्र के ढूंढा वनोपज सहकारी समिति के अध्यक्ष सोनसाय दुग्गा (62 वर्ष) के घर में आरोपी जीजा-साला घुस गए और उसके ऊपर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया। सोनसाय की पत्नी जब बीच-बचाव करने आई, तो आरोपियों ने उसके ऊपर भी डंडे से वार किया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। इस बीच एक आरोपी का मोबाइल फोन घटनास्थल पर ही गिर गया था।

 

इस मोबाइल के कारण ही पुलिस जल्द ही आरोपियों तक पहुंच गई। गिरफ्त में आए आरोपी सखाराम (24 वर्ष) और मेरसिंह (27 वर्ष) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि दोनों की पत्नियां लंबे समय से बीमार थीं और उन्हें शक था कि गांव का बैगा सोनसाय उनके ऊपर जादू-टोना कर रहा है। बार-बार इलाज करवाने के बाद भी दोनों की पत्नियों की तबियत ठीक नहीं हो रही थी, जिसका जिम्मेदार वे सोनसाय को समझते थे।

 

आरोपियों ने बताया कि इसके बाद उन्होंने सोनसाय दुग्गा की हत्या करने का प्लान बनाया। 24 मार्च को रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वे उसके घर पहुंचे और डंडे से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।

दोनों आरोपियों ने सोनसाय पर हमला करने से पहले ट्रांसफार्मर से पूरे गांव की बिजली काट दी। फिर अंधेरे का फायदा उठाकर सोनसाय के घर में घुसकर उसके ऊपर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी को भी उन्होंने घायल कर दिया और मौके से भाग निकले, लेकिन हड़बड़ी में सखाराम का मोबाइल मौके पर ही गिर गया था, जिसके पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। आरोपियों के जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Related Posts

Leave a Comment