छत्तीसगढ़ का ड्रोन मास्टर पीयूष झा लापता, परिजनों ने रायपुर के थाने में की शिकायत

by Kakajee News

रायपुर। छत्तीसगढ़ का ड्रोन मास्टर पीयूष झा लापता हो गया है। परिजनों ने विधानसभा पुलिस थाने में इसकी शिकायत की है। मूलतः अंबिकापुर के निवासी पीयूष झा लंबे अरसे से रायपुर में रहकर ड्रोन बनाने का काम करते आ रहे हैं। परिजनों की शिकायत के बाद विधानसभा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दस जनवरी से पियूष संदेहास्पद तरीके से लापता है।
पीयूष झा ने सरकारी नौकरी छोड़कर लोन लेकर स्टार्टअप शुरु किया था। रायपुर में रहकर ड्रोन बनाने के काम में विश्वसनीयता की मिसाल कायम करने वाला ड्रोन मास्टर पीयूष दंतेवाड़ा से संदेहास्पद रूप से लापता हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पीयूष झा के बनाए ड्रोन का इस्तेमाल सीआरपीएफ और बीएसएफ करती है। पीयूष झा के ड्रोन के बेहद स्तरीय और गुणवत्ता में बेहतरीन होने की वजह से उनकी न केवल पैरामिलेट्री फोर्स में, बल्कि कृषि क्षेत्र, वन विभाग और रेलवे में भी मांग है।
रायपुर से ही पीयूष ने 2015 में इंजीनियरिंग की डिग्री ली और ड्रोन बनाने में महारत हासिल की। शुरुआती संघर्ष के दौर में एक दिन ऐसा समय आया कि हॉस्टल अधीक्षक की सरकारी नौकरी का लेटर आया और उसी दिन ड्रोन के लिए उसका मुद्रा लोन के तहत 45 हजार का लोन स्वीकृत हुआ था। पीयूष ने ड्रोन बनाने का काम करना तय किया। फिलहाल उसकी कंपनी साढ़े तीन करोड़ वार्षिक का टर्न ओवर कर रही है।
परिजनों के अनुसार, पीयूष का विशाल सिंह से विवाद चल रहा था। उसने उसकी शिकायत डीजीपी डीएम अवस्थी से 22 दिसंबर को लिखित रूप में की थी। परिजनों को आशंका है कि पीयूष झा के साथ दस जनवरी को इसी विवाद के चलते कोई अप्रिय घटना घटी हो सकती है। इसकी जानकारी उसने परिजनों को दी थी, और उसके ठीक बाद उसका मोबाइल ऑफ हो गया। पीयूष झा के पिता संजय झा ने विधानसभा पुलिस थाने में लापता होने की सूचना दी है। मामले में फिलहाल गुम इंसान की सूचना दर्जकर पुलिस जंच कर रही है।

Related Posts

Leave a Comment