धमतरी। बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। ये सभी एक ही परिवार के लोग हैं, जो शादी समारोह में बोलेरो से जा रहे थे। रास्ते में ट्रक ने गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके चलते मौके पर ही सभी की मौत हो गई। एक घायल डेढ़ साल की बच्ची ने रायपुर ले जाते वक्त दम तोड़ा है।
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सोरेम गांव का साहू परिवार कांकेर जा रहा था। बुधवार रात को करीब 9.30 बजे इनकी गाड़ी नेशनल हाईवे-30 पर बालोद के जगतरा पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। मौके पर ही एक बच्चे, 5 महिला और 4 पुरुषों की मौत हो गई। घटना के बाद से फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फिर सभी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया था। जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर कर दिया गया था, लेकिन रास्ते में हो उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक परिवारों से जब बात की गई तो पता चला कि यह सब सामान्य परिवार के थे और रोजी मजदूरी कर अपना जीवन यापन कर रहे थे, जिसके कारण आने वाले समय में उन्हें आर्थिक समस्याओं से भी जूझना पड़ सकता है।
इनकी हुई मृत्यु
1.धर्मराज साहू
2.उषा बाई साहू
3.केशव साहू
4.टोमिन बाई साहू
5.लक्ष्मी बाई साहू
6.कुमारी रमा साहू
7.शैलेंद्र साहू
8.संध्या साहू
9.इशांत साहू
10.ड्राइवर डामेश ध्रुव
11.योग्यांश साहू
मुख्यमंत्री ने जताया दुःख
इस भीषण हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख जताया है। उन्होंने देर रात ट्वीट कर लिखा- ईश्वर दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को हिम्मत दे।
