कोरबा । बुधवार की सुबह कार एवं ट्रक के बीच हुई आमने सामने जोरदार टक्कर की घटना में एक ही परिवार के पति-पत्नी और 2 बच्चों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। उक्त घटना मोरगा चौकी इलाके में मदनपुर फॉरेस्ट बैरियर के पास घटित हुई।
इस संबंध मोरगा चौकी प्रभारी अश्वनी निरंकारी से मिली जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में मृत मनोज कुमार तिर्की 41 साल अम्बिकापुर का रहने वाला था और जगदलपुर में पुलिस विभाग में पदस्थ है। बुधवार की सुबह वह अपनी पत्नी और 2 बच्चों के साथ अम्बिकापुर से जगदलपुर जाने निकला था। इसी दौरान कोरबा के मोरगा चौकी मदनपुर फॉरेस्ट बैरियर के पास बेकाबू ट्रक ने उनकी कार को सामने से जोरदार ठोकर मार दी। इस दुर्घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया है।
इस दुर्घटना में उप निरीक्षक मनोज कुमार तिर्की, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद कार में बुरी तरह से फंसे शवों को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मोरगा चौकी प्रभारी अश्वनी निरंकारी ने बताया कि मृत सब इंस्पेक्टर के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। पोस्टमॉर्टम के बाद शवों को अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजनों को सौंप दिया जायेगा।
