7-8 कुत्तों ने 3 हिरण पर एक साथ कर दिया हमला, 01 हिरण की मौत, 02 घायल, जान बचाकर घने जंगल में घुसे

by Kakajee News

कबीरधाम जिले के वन परिक्षेत्र रेंगाखार में कुत्तों के हमले से एक हिरण की मौत हो गई। वहीं 2 हिरण घायल हो गए। रेंगाखार वन परिक्षेत्र अंतर्गत कक्ष क्रमांक- RF 132 में ग्राम उमरिया-बम्हनी मार्ग के पास हिरण का शव मिला। वन विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। रविवार सुबह मृत हिरण का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम उमरिया-बम्हनी मार्ग पर शनिवार शाम हिरणों का झुंड टहल रहा था। इसी दौरान 7-8 कुत्तों ने 3 हिरण पर एक साथ हमला कर दिया। हमले में एक हिरण की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दो हिरण घायल हो गए। घटना बम्हनी गांव से महज 200 मीटर दूरी पर हुई।
सड़क से 15 फीट दूर राहगीरों की नजर जब हिरणों पर हमला करते हुए कुत्तों पर पड़ी, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक एक हिरण की मौत हो चुकी थी, वहीं दो हिरण किसी तरह से अपनी जान बचाने में कामयाब रहे। हालांकि कुत्तों ने इन 2 हिरणों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना की जानकारी होने पर गांव के बाकी लोग भी वहां इकट्ठा हो गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। घटनास्थल पर पहुंचे वन परिक्षेत्र अधिकारी पदमलाल पांडे, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी संजय वर्मा और बीटगार्ड श्यामबती निषाद ने ग्रामीणों के सामने पंचनामा बनाया और हिरण के शव को रेंगखार ले गए। रविवार सुबह हिरण के शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

वनकर्मियों के मुताबिक हिरण की उम्र करीब 3 साल है। वनकर्मियों ने बताया कि घायल दोनों हिरण उनके आने से पहले ही जंगल में भाग गए हैं। बता दें कि रेंगाखार क्षेत्र में कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले एक तीसरी कक्षा की छात्रा को कुत्तों ने काट लिया था और अब हिरण को अपना शिकार बना लिया।

Related Posts