दोस्त के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

by Kakajee News

सोमवार रात दोस्त के घर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी होने के बाद परिजनों के होश उड़ गए। परिजनों ने युवक के दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। वहीं युवक पर लगभग छह साल पूर्व गैंगस्टर का मुकदमा कंकरखेड़ा थाने में पंजीकृत हुआ था। लगभग पांच दिन पूर्व ही युवक जेल से छूट कर आया था।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के अशोकपुरी निवासी संदीप पुत्र विपिन कुमार ने मंगलवार सुबह थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसका 24 वर्षीय छोटा भाई साहिल सोमवार शाम घर पर मौजूद था।

इसी बीच गोविंदपुरी निवासी कविश पाल व उसका भाई घर पर पहुंचा। जहां कविश ने उसके भाई को बताया कि घर पर बुआ भात नौतने के लिए आई हुई है। जिसके बाद साहिल कविश व उसके भाई के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चला गया। जब देर रात तक युवक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई।

सोमवार देर रात कविश साहिल के घर पहुंचा। जहां उसने बताया कि साहिल उठ नहीं रहा है। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित परिजन कविश के घर की तरफ दौड़े। जहां परिजनों ने देखा की युवक बेसुध पड़ा है। पीड़ित परिजन युवक को लेकर अस्पताल दौड़े। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर डायल 112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक युवक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया।

वहीं पुलिस ने एक युवक को हिरासत में ले लिया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह का कहना है की तहरीर मिल गई है। शव मोर्चरी पहुंचा दिया गया है। पीएम रिपोर्ट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts