प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय कोरोना पाजिटिव

by Kakajee News

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई है। विष्णु देव साय ने खुद ट्वीट कर कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा-मुझे कोरोना के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मैं कोविड-19 के सभी नियमों का पालन कर रहा हूं तथा डाक्टर के सलाहनुसार स्वयं को क्वारंटीन करूंगा। मेरा सभी साथियों से आग्रह है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट अवश्य करवाएं।
प्रदेश अध्‍यक्ष का ट्वीट आने के बाद से उनके संपर्क में आने वाले भाजपा नेता भी सतर्क हो गए हैं। पिछले दिनों बस्‍तर दौरे पर विष्‍णु देव साय थे। संगठन के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वहां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की थी। आशंका जताई जा रही है कि बस्तर दौरे के दौरान ही वह संक्रमित हुए होंगे। फिलहाल, इस बारे में अधिकारिक रूप से कोई भी बोलने को तैयार नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व इस्पात राज्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद को क्वारंटीन करने की बात बोली है। साथ ही संपर्क में आने वालों को भी सलाह दे दी है कि वह सतर्क हो जाएं। किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता में कोई लक्षण दिखता है तो वह जरूर जांच कराएं।
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री डाक्टर रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धर्मलाल कौशिक, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, दुर्ग के सांसद विजय बघेल कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। विजय बघेल ने एम्स रायपुर के कोरोना वार्ड में भर्ती मरीजों का हौसला बढ़ाने के लिए गाने गाए थे, जिसका वीडियो खूब वायरल भी हुआ था।

Related Posts

Leave a Comment