रायपुर। केंद्रीय बजट पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की भी प्रतिक्रिया आ गई है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि केंद्रीय बजट निराशाजनक और हवाहवाई बातों से भरपूर है। केंद्रीय बजट चंद पूंजी पतियों के लिए लाया गया है।
केंद्रीय बजट पर पीसीसी अध्यक्ष का कहना है कि इसमें सामाजिक क्षेत्रों के लिए कुछ भी नहीं है। मरकाम ने यह भी कहा है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह बजट लाया गया है। केंद्रीय बजट जमीनी वास्तविकता से कोसों दूर है। काल्पनिकता से परिपूर्ण है।
मरकाम का कहना है केंद्रीय बजट में किसान, मजदूर, गृहणियों मध्यम वर्ग, व्यापार, उद्योग किसी भी वर्ग की जरूरतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। गरीबों के लिए कुछ भी नहीं है। दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने इस बजट को आम जनता के लिए बेहतर बताया है। युवाओं के लिए संभावनाओं के लिए द्वार खोलने वाला बताया है। किसानों की आमदनी में इजाफा करने वाला बताया है।
छत्तीसगढ़ को किया नजर अंदाज
प्रदेश कांगेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा है कि छत्तीसगढ़ जैसे गतिशील अर्थव्यवस्था वाले प्रदेश की जरूरत को नजरअंदाज किया गया है। मरकाम का कहना है कि इससे छत्त्तीसगढ़ की जनता मायूस है। मरकाम ने केंद्र सरकार से पूछा है कि कोरोनाकाल में 20 हजार करोड़ के पैकेज की घोषणा का लाभ संबंधित वर्गों को कैसे मिलेगा? सरकारी कंपनियों (उपक्रम) के विनिवेश की घोषणा पर मरकाम ने कहा है कि केंद्र सरकार सरकारी उपक्रमों को बेचने में लगी है, जो बेहद दुखद है।
