26 जनवरी गणतंत्र दिवस हिंसा मामले में एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर से इकबाल सिंह को गिरफ्तार किया है। इकबाल सिंह पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था। स्पेशल सेल ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। बता दें, किसान आंदोलन के ट्रैक्टर रैली को दौरान हिंसा फैलाने का मुख्य आरोपी दीप सिद्धु पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
चुनाव आयोग की टीम आज से तीन राज्यों के दौरे पर
नई दिल्ली : चुनाव आयोग के शीर्ष अधिकारी बुधवार से तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल का दौरा कर वहां आसन्न विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेंगे। इन राज्यों में अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा और चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा और राजीव कुमार 10, 11 फरवरी को तमिलनाडु में, 12 फरवरी पुडुचेरी में और 13 तथा 14 फरवरी को केरल में वहां के चुनाव तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लेंगे।
कंगना के ट्विटर अकाउंट निलंबन मामले में सुनवाई नौ मार्च को
मुंबई : बांबे हाई कोर्ट ने मंगलवार को कहा कि अभिनेत्री कंगना रनौट का ट्विटर अकाउंट निलंबित किए जाने या उसे बंद करने की मांग वाली याचिका पर नौ मार्च को सुनवाई करेगा। याची अली कासिफ खान देशमुख ने अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई का आग्रह किया था। उन्होंने दावा किया है कि कंगना ने हाल ही में एक ट्वीट में नए कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे लोगों को आतंकवादी बताया है। पिछले साल दिसंबर में दाखिल इस याचिका में यह आरोप भी लगाया गया है कि अभिनेत्री अपने ट्वीट के जरिये विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच नफरत फैला रही हैं।
जगन मोहन रेड्डी की बहन ने दिया पार्टी लांच करने का संकेत
हैदराबाद : आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिंला ने मंगलवार को अपने दिवंगत पिता के सहयोगियों से बातचीत की। इससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वह नई पार्टी लांच कर सकती हैं। शर्मिंला के पिता और दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के 2004 से 2009 तक मुख्यमंत्री रहे थे। पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर अफवाह है कि शर्मिंला पड़ोसी राज्य तेलंगाना में अपनी पार्टी बनाना चाहती हैं।
316
previous post
