सुअर चोरी करते पकड़ा गया युवक, लाठी-डण्डों से पीट-पीट कर हत्या

by Kakajee News

लखनऊ में आशियाना के औरंगाबाद जागीर जंगल में सुअर चोरी करने गये एक युवक की कुछ लोगों ने लाठी-डण्डों से पीट कर हत्या कर दी। इस घटना में युवक के दो साथी भी घायल हुये हैं। पुलिस का कहना है कि हमलावर भी सुअर चोरी कर जंगल में रखते हैं, फिर उन्हें बेच देते है। पीड़ित युवक इन सुअरों को चोरी करने गये थे। मृतक के खिलाफ सुअर चोरी करने के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर आशियाना केशव कुमार तिवारी ने बताया कि उसरी, बंगला बाजार निवासी मोनू (28) दो लोगों के साथ जंगल में सुअर चोरी करने गया था। इसी दौरान सुअर पालने वालों ने उन पर हमला बोल दिया। इन लोगों ने मोनू को घेर कर लाठी-डण्डों से पीट दिया। उसके साथियों ने बचाने का प्रयास किया तो उन पर भी हमला कर दिया था। घायलों को लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया।
एसीपी कैंट डॉ. बीनू सिंह ने बताया कि आरोपियों ने सुअर जंगल में छोड़ रखे हैं। जरूरत के हिसाब से इन्हें पकड़ कर बेचते हैं। मोनू इन्हें चोरी करने गया था तभी हमला बोला गया। हमले में घायल शिवा रावत ने औरंगाबाद निवासी सुरेश रावत, इसके भाई मुकेश रावत व सन्नी रावत के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। इसमें सुरेश व मुकेश को हिरासत में ले लिया गया था। तीसरे आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी गई लेकिन कोई हाथ नहीं लगा।

Related Posts

Leave a Comment