रेत खदान में रेत से भरे हाइवा में दबने से एक की दर्दनाक मौत

by Kakajee News

महासमुंद। जिले के बरबसपुर रेत खदान में रेत से भरे हाइवा वाहन में दबने से आरंग के ग्राम पारागांव निवासी संतु पाल की दर्दनाक मौत हो गई है। रेत से भरे हाइवा वाहन का चालक गाड़ी को रिवर्स ले रहा था, इसी दौरान मोटरसाइकिल में बैठे संतु पाल को अपनी चपेट में ले लिया। संतु पाल पहिए के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी पहले महासमुंद पुलिस को दी गई. जिस जगह दुर्घटना हुई, वह महानदी के बीच में है, पूर्व में महासमुंद जिले का बरबसपुर और पश्चिम में रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत ग्राम राटकाट है। इसके बाद सीमाओं को लेकर आरंग पुलिस और महासमुंद पुलिस के बीच चर्चा हुई, फिर अंत में मामले की जांच आरंग पुलिस को सौंप दिया गया।
दरअसल बरबसपुर रेत खदान के माध्यम से महानदी के भीतर आरंग क्षेत्र में अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। महासमुंद होते हुए आरंग क्षेत्र से लगातार रेत का अवैध खनन और परिवहन जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भी रेत से भरा हुआ हाईवा आरंग के राटाकाट से महासमुंद की ओर जाने के लिए तैयार था। लेकिन इसी दौरान हाईवा को बाहर निकालने के समय रिवर्स करने के दौरान यह हादसा हो गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक रेत घाट में अपना चैन माउंटेन चलाने के साथ रैंप बनाने का ठेकेदारी भी करता था। फिलहाल मामले में आरंग पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और विवेचना शुरू कर दी है।
अब आरंग पुलिस के जांच करने से यह सवाल भी उठ रहा है कि अगर घटना आरंग क्षेत्र के राटकाट में हुई है, तो महासमुंद के बरबसपुर रेत खदान के जरिये रायपुर जिले से रेत खदान का अवैध उत्खनन आखिर बदस्तूर क्यों जारी है। मामले में आरंग पुलिस क्षेत्र में चलने वाले ओवरलोडिंग वाहनों पर समय-समय पर कार्रवाई करने की बात कर रही है। साथ ही
रेत घाट में हुए हादसे के मामले की जांच करने के बाद आगे की कार्रवाई करने का दावा किया जा रहा है।

Related Posts

Leave a Comment