बीजापुर। जिले के भोपालपटनम ब्लाक के ग्राम अटूकपल्ली में शनिवार दोपहर एक हृदय विदारक घटना घटी, जब इंद्रावती नदी में मछली पकड़ने गया एक युवक मगरमच्छ का शिकार बन गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक शनिवार दोपहर करीब 2 बजे अपने दोस्तों के साथ इंद्रावती नदी में मछली पकड़ने गया था। नदी के किनारे कुछ दूरी पर जाल डालते समय अचानक मगरमच्छ ने युवक पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि युवक को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका। हमले के बाद युवक पानी में समा गया। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की मदद से करीब तीन घंटे की सघन खोज अभियान के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला जा सका।
इंद्रावती नदी में घटी इस दर्दनाक घटना के बाद अटूकपल्ली गांव में शोक का माहौल है। मृतक युवक का परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी क्षेत्र में मगरमच्छों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने की मांग की है।
125
