खनिज माफियाओ का नहीं देखा होगा ऐसा आतंक, एक युवक को खम्बे में बांध कर बेरहमी से मारा, वीडियो हो रहा वाइरल
बलौदा बाजार जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र के ग्राम खपरिडीह से खनिज माफियाओं की हैवानियत की तस्वीर सामने आई है। मुखबिरी के शक में एक युवक को गांव के चौक में खंभे से बांधकर लाठी, डंडे और बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। यह अमानवीय घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई।
सूत्रों के अनुसार पीड़ित युवक पूर्व में अवैध खनन में लगे कुछ ट्रैक्टरों को पकड़वाने की कार्यवाही में शामिल रहा है। इसी बात को लेकर गांव के खनिज माफिया उससे रंजिश रखते थे और संदेह था कि वह माइनिंग विभाग को लगातार सूचना दे रहा है।
घटना के दिन केवल केंवट, यशवंत पटेल, गया पटेल, दिलहरण वर्मा, दिग्विजय वैष्णव और आनंद दास सहित अन्य ने युवक को सार्वजनिक चौक में खंभे से बांधा और क्रूरता की सभी हदें पार करते हुए पीटा। जब पीड़ित ने अपने बड़े भाई को बुलाया, तब भी हमलावरों का कहर जारी रहा।
घटना की शिकायत मिलते ही गिधौरी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए IPC की विभिन्न धाराओं में छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
खनन माफियाओं का गढ़ बनता जा रहा है खपरिडीह
स्थानीय लोगों के अनुसार खपरिडीह गांव में अवैध पत्थर, मुरूम और रेत खनन का कारोबार लंबे समय से फल-फूल रहा है। इस धंधे के पीछे गांव के कुछ दबंग और प्रभावशाली लोग शामिल हैं, जो किसी भी प्रकार की शिकायत करने वालों को डराने-धमकाने और यहां तक कि शारीरिक प्रताड़ना देने से भी नहीं चूकते।
जनता में आक्रोश, प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से इस घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और खनन माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल उठाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि किस तरह खनिज माफिया खुलेआम तांडव मचा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पर कितनी तत्परता से कार्रवाई करता है।
