नशे में धुत बेटे ने पिता पर किया चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

by Kakajee News

बलौदा बाजार शहर के व्यस्त सदर बाजार इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें नशे की हालत में एक युवक ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर जान लेने की कोशिश की। इस हमले में पीड़ित बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित नरेंद्र सिंह चावला (उम्र 70 वर्ष) अपनी दुकान में बैठे थे। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा अमरजीत चावला, जो नशे की हालत में था, दुकान पहुंचा और परिजनों को गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर अमरजीत दुकान के भीतर घुसा और अचानक चाकू निकालकर अपने पिता की पीठ, कंधे और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले से बचाने पहुंचे छोटे भाई को भी चाकू लग गया। बुजुर्ग नरेंद्र सिंह को कुल छह जगह गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने तत्काल घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलने पर सीटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद आरोपी अमरजीत चावला को भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या के प्रयास) के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है, वहीं इलाके में घटना को लेकर सनसनी का माहौल है।

Related Posts

Leave a Comment