भाटापारा। पोहा व्यापारियों के साथ 1 करोड़ 70 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने पोहा मिलर्स की बिक्री राशि का भुगतान न कर उसे शेयर बाजार में निवेश कर हड़प लिया।
थाना भाटापारा ग्रामीण से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुशील सबलानी निवासी मातादेवालय वार्ड भाटापारा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पोहा मुरमुरा निर्माता कल्याण समिति भाटापारा के कुल 20 व्यापारियों ने अप्रैल 2025 के पहले अलग-अलग तिथियों में अपने-अपने मिलों से तैयार पोहा समिति द्वारा नियुक्त ब्रोकर प्रीतम मंधानी और यश बलानी को बिक्री हेतु सौंपा था।
ब्रोकरों ने कुल 429 टन 69 किलोग्राम पोहा की बिक्री कर 1,70,27,960 की राशि एकत्र की, लेकिन यह रकम पोहा मिलर्स को न देकर स्वयं उपभोग में ले ली। व्यापारियों द्वारा कई बार मांग करने के बावजूद आरोपी उन्हें टालते रहे। जांच में पाया गया कि दोनों आरोपियों ने उक्त रकम को शेयर बाजार में निवेश कर हड़प लिया।
प्रकरण में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन पर थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 316(5), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. प्रीतम मंधानी, उम्र 30 वर्ष, निवासी मातादेवालय वार्ड, भाटापारा
2. यश बलानी, उम्र 24 वर्ष, निवासी मातादेवालय वार्ड, भाटापारा
