ट्रक के हाइड्रोलिक डाला के नीचे छिपाकर रखा था 50 लाख रुपए का गांजा, दो आरोपी पकड़े गए

by Kakajee News

कबीरधाम। आज रविवार को कबीरधाम जिले के एमपी-सीजी बॉर्डर स्थित चिल्फी थाना पुलिस ने अवैध रूप से गांजा का परिवहन करते हुए दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी इतने शातिर है कि आयचर ट्रक के हाइड्रोलिक डाला के नीचे गांजा को रखे थे।
थाना प्रभारी टीआई उमाशंकर राठौर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आयचर ट्रक क्रमांक PB 02 EJ 3009 के गोपनीय चेम्बर से लगभग 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया। ट्रक में सवार दो व्यक्ति ईश्वर सिंह पिता हजारीलाल सिंह, उम्र 48, निवासी ग्राम जाखोदा, तहसील बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) व रामु सिंह परमार पिता रामकुमार परमार, उम्र 32, निवासी ग्राम दौपुरा, तहसील बसेरी, जिला धौलपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया है।
जब्त गांजा की कीमत लगभग 50 लाख रुपए, वाहन की कीमत लगभग 20 लाख रुपए कुल जब्ती लगभग 70 लाख रुपए की गई है। इस मामले में पुलिस की जांच शुरू हो गई है। दोनों आरोपी से पूछताछ जारी है। NDPS एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है। इस गांजा को उड़ीसा से दिल्ली ले जाया जा रहा था।

इस साल सवा करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया
इस वर्ष कबीरधाम पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के कुल 14 प्रकरण में 41 आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगभग सवा करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के गांजा व अन्य सामग्री की जब्त की है। हाल ही में कबीरधाम पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली टैबलेट दवाइयों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई कर एक आरोपी को जेल भेजा था। उससे जुड़े दूसरे सप्लायर को रायपुर से गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि कबीरधाम जिले में नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून को चुनौती देने वाले तस्करों पर लगातार कठोर कार्रवाई होगी। यह चेतावनी सिर्फ तस्करों के लिए नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए है। पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि जिले के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से पूरी तरह बचाया जा सके।

Related Posts

Leave a Comment