सुकमा में सीआरपीएफ जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली

by Kakajee News

 

सुकमा ।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के इंजरम कैंप में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान ने बीती रात अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। जवान की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर यह आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है।

घटना मंगलवार रात करीब 10:30 बजे की है, जब 219वीं बटालियन में तैनात जवान निलेश कुमार गर्ग ने अज्ञात कारणों के चलते अपनी इंसास रायफल से खुद पर गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर साथी जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक निलेश ने दम तोड़ दिया था।

मृतक जवान मध्य प्रदेश का निवासी था और लंबे समय से इंजरम कैम्प में तैनात था। साथी जवानों और अधिकारियों के मुताबिक, निलेश ड्यूटी को लेकर सामान्य दिखाई दे रहा था और उसके व्यवहार में कोई विशेष परिवर्तन नहीं देखा गया था।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल, आत्महत्या के पीछे के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment