रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बकरा पार्टी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने गांव के कुछ लोगों पर उसके पति की हत्या करके गांव के लोगों को गुमराह करने की आशंका जताई है। इसी के तहत आज जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जांच उपरांत कातिलों को कड़ी सजा दिलाने की गुहार लगाई है।
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के नाम सौंपे गए ज्ञापन पत्र में मृतक सनतराम मांझी की पत्नी रामवती मांझी ने गांव के कुछ लोगों पर उसके पति की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि रविवार 21 सितंबर को उदय साय मांझी, मेहत्तर राउत, राजकुमार यादव, मिलन सारथी, दरसराम मांझी एवं नरेन्द्र यादव ने उसके पति के साथ बकरा पार्टी किया और फिर बाद में शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसमें मेहत्तर राउत पहले हत्या के मामले में सजा काट चुका है।
मृतक की पत्नी रामवती ने बताया कि 21 सितंबर की रात सवा 9 बजे आसपास उसके बेटा परसन मांझी, देवर टेकचंद मांझी और ससुर बेटा मोहन लाल मांझी को गलत सूचना देते हुए बताया गया कि बकरा खाते समय हटक कर सनतराम मांझी की मौत हो गई। इस सूचना के बाद परिजन जब मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सनतराम के मुंह से खून निकल रहा था। इस दौरान परिजनों के द्वारा मृतक के मुंह से खून निकलने के संबंध में पूछताछ करने पर यह कहा गया कि कैसे खून निकल रहा उन्हें भी नही पता।
गांव के लोगों को किया गया गुमराह
मृतक की पत्नी ने बताया कि घटना की अगली सुबह बकरा पार्टी में शामिल लोगों ने उसके पति सतनराम मांझी की बकरा खाते समय हटक कर मर जाने की बात कहते हुए पुलिस को सूचना नही करेंगे पोस्टमार्टम करने पर शराब और बकरा मास ही निकलेगा कहकर गांव के अन्य लोगों को गुमराह किया गया। साथ ही उसे और उसकी बेटियों को शव नही देखने दिया गया और जल्दबाजी में दाह संस्कार कर दिया गया।
परिवार में नही किया जाता दाह संस्कार
रामवती ने यह भी बताया कि उसके परिवार में जितने भी लोगों की मृत्यु हुई है किसी के भी शव का दाह संस्कार नही किया गया है सिर्फ दफनाया गया है। साथ ही अंतिम संस्कार के लिये शव उठाकर ले जाने वाले लोगों का भी कहना था कि बिस्तर पर खून था और शव ले समय समय मृतक के शरीर से भी खून टपक रहा था। जिससे प्रतीत होता है कि मृतक की मौत स्वाभाविक नही है।
ससुर पर भी हत्या का संदेह
मृतक की पत्नी ने अपने ससुर उदल साय मांझी पर आरोप लगाते हुए बताया कि उदल साय मांझी अपने बेटों के साथ ना रहकर मेहत्तर राउत के घर खाना पीना, उठना बैठना करता है। साथ ही सारा जमीन को भी मेहत्तर राउत ही कमाता है। इस बात को मृतक सनतराम मांझी कहा करता था कि हम लोग उदय के बेटे नही हैं मेहत्तर ही उसका बेटा है।
हत्यारों को बचाने लगाया आरोप
मृतक की पत्नी रामवती ने बताया कि उसके पति की मौत हुए एक सप्ताह से भी अधिक का समय बीत चुका है। इसके बावजूद लैलूंगा पुलिस किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नही कर रही है। उन्हें आशंका है कि पुलिस उसके पति के हत्यारों को बचाकर पूरे मामले का दबाने का प्रयास कर रही है। इसलिये पीडिता आज अपने बेटियों और परिजनों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर अपने पति के कातिलों को सजा दिलाने की गुहार लगाई है।
जांच के लिए भेजा जाएगा- डीएसपी
इस मामले में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि लैलूंगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घियारमुड़ा से मृतक परिवार के परिजन पुलिस अधीक्षक से शिकायत करने पहुंचे थे। उन्होने सनतराम मांझी को मृत्यु को अप्रकृतिक बताया है। उनकी शिकायत दर्ज जांच के लिए भेज दिया है। लैलूंगा थाने में परिजनों ने शिकायत दर्ज की थी लेकिन जांच से असंतुष्ट है इसलिए परिजनों ज्ञापन देकर शिकायत की है। जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा।
