रायगढ़। रविवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रेक्टर चालक ने मोटर सायकल सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दो घायल हो गए। घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार खरसिया क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम दर्रामुड़ा गांव निवासी मोहन केंवट अपने बेटे श्यामलाल केंवट 35 साल, के अलावा गांव के एक अन्य ग्रामीण उसतराम केंवट के साथ किसी काम के सिलसिले में कोतासुरा गांव जाने निकले थे। बाईक सवार तीनों ग्रामीण आज सुबह 10 बजे के आसपास जब तिलगी मोड़ के पास पहुंचे ही थे की पीछे की तरफ से आ रहे ट्रेक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार ठोकर मारते हुए रगड़ते हुए तालाब में जा घुसी। इस दुर्घटना में बाईक सवार मोहन केंवट की घटना स्थल में ही मौत हो गई वहीं दो लोग घायल हो गए हैं। घटना के बाद से आरोपी चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया है।
सड़क हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी। जिसके बाद मामले की जानकारी मिलते ही घटना स्थल पहुंची पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
17
