रायगढ़। स्वदेशी जागरण मंच और कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के संयुक्त तत्वाधान में पूरे देश में संचालित स्वदेशी संकल्प यात्रा का बहुप्रतीक्षित आगमन 30 नवंबर 2025 को रायगढ़ में होने जा रहा है। वहीं 1 दिसंबर को यह यात्रा जिले में निकलकर स्थानीय समुदाय, व्यापारियों और नागरिकों में स्वदेशी, आत्मनिर्भर भारत तथा वोकल फॉर लोकल के प्रति नई ऊर्जा का संचार करेगी।
यह यात्रा व्यापारिक समुदाय के लिए एक प्रेरणादायी अभियान के रूप में उभर रही है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना, छोटे कारोबारियों के हितों की रक्षा करना और भारतीय विचार को जन-जन तक पहुँचाना है।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी होंगे मुख्य अतिथि
यात्रा के रायगढ़ आगमन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु निवेदन किया गया है। स्वदेशी जागरण मंच रायगढ़ के जिला संयोजक प्रेम नारायण मौर्य एवं CAIT इकाई अध्यक्ष किशोर तलरेजा ने अन्य सदस्यों के साथ वित्त मंत्री से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें इस राष्ट्रीय महत्व के आयोजन की अगुवाई का निवेदन किया, जिसे उन्होंने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया।
स्वदेशी संकल्प यात्रा का उद्देश्य – ‘लोकल को ग्लोबल पहचान’
स्वदेशी संकल्प यात्रा का मूल उद्देश्य, स्थानीय प्रोटोटाइप व उद्यमों को बढ़ावा, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त करना, वोकल फॉर लोकल को राष्ट्रीय जनआंदोलन बनाना, भारतीय स्वदेशी उद्योगों व उत्पादों के प्रति विश्वास बढ़ाना, आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना, यह यात्रा देशभर में स्वदेशी विचारधारा को सामाजिक, व्यावसायिक और राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती प्रदान करने का बड़ा मंच बन गई है।
नागरिकों से सहभागिता की अपील
स्वदेशी जागरण मंच रायगढ़ और
CAIT इकाई रायगढ़ ने जिले के व्यावसायिक समुदाय, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होकर स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करें।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर प्रेम नारायण मौर्य, किशोर तलरेजा, प्रवीण त्रिपाठी, मनीष उदासी, महेश जेठानी, सुनील अग्रवाल, कमलेश मोटवानी, रवि सूखेजा, सुरेश रोहड़ा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
