शौच के लिए गए पति-पत्नी दंतैल हाथी ने अचानक कर दिया हमला, महिला को कुचलकर मौत के घाट उतारा, 24 घण्टे में दूसरी घटना

by Kakajee News

कोरबा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में हाथी के हमले से फिर एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बीते एक सप्ताह में हाथियों के हमले में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पिछले 24 घंटे में यह दूसरी घटना बताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है।

ताजा घटना कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिंझरा की है। यहां तड़के सुबह गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गए पति-पत्नी पर एक दंतैल हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी को देखते ही पति जान बचाकर भाग निकला, लेकिन हाथी ने महिला को दौड़ाकर पकड़ लिया और कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान 36 वर्षीय मीना बाई के रूप में हुई है, जो रामकुमार की पत्नी थी। शौच कर वापस लौटते समय दोनों का हाथी से आमना-सामना हुआ था।
24 घण्टे पहले चैतमा वन परिक्षेत्र में भी हाथी के हमले की घटना सामने आई थी। जहां पति पत्नी घर के आंगन में सो रहे थे इस दौरान हाथी ने हमला कर पत्नी को पटक कर मारा और पति खाट के नीचे छुपकर अपना जान बचाया था।
वहीं,करीब पांच दिन पहले बिलासपुर रेंज में भी एक महिला को हाथी ने मार डाला था। बताया जा रहा है कि वही दंतैल हाथी झुंड से बिछड़कर बिलासपुर रेंज से होते हुए कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में पहुंचा है और लगातार मानव-आवास के करीब घूम रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। कटघोरा के डीएफओ निशांत झा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। साथ ही, दंतैल हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।

लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीण भयभीत हैं और हाथी से सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Related Posts

Leave a Comment