ससुराल आए पति ने अचानक पत्नी पर चला दी गोली, जानिए ऐसा क्या हुआ

by Kakajee News

रायबरेली में पत्नी को विदा कराने ससुराल आए पति ने किसी बात पर नाराज होकर पत्नी पर तमंचे से फायर कर दिया। लेकिन फायर मिस हो गया। इससे गुस्साए पति ने तमंचे की बट से पत्नी को मार कर लहूलुहान कर दिया। जिसे परिजनों ने गंभीर हालत में इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।लेकिन उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना सोमवार की सुबह क्षेत्र के गांव पूरे ननकू की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे ननकू मजरे कैथवल निवासी मीनाक्षी यादव (24) की शादी हरदोई जिले के पिहानी थाना अंतर्गत पूरे छतैया गांव के अजीत यादव के साथ दो वर्ष पूर्व हुई थी। वर्तमान में वह यहां मायके में रह रही है। आरोप है कि नशेड़ी पति आएदिन गाली गलौज व मारपीट किया करता था। बताते हैं कि एक माह पूर्व मीनाक्षी एक वर्षीय पुत्री आरोही को लेकर यहां मायके चली आई थी। रविवार की शाम उसका पति विदाई कराने ससुराल आया। सोमवार सुबह किसी बात को लेकर उसने पत्‍नी मीनाक्षी पर अवैध तमंचे से गोली चला दी। लेकिन फायर मिस होने से मीनाक्षी बाल बाल बच गई। इससे आक्रोशित पति ने तमंचे की बट से पीट पीट कर लहूलुहान कर दिया। गोली चलने की आवाज से परिजन व पड़ोसी इकट्ठा हो गए।
परिजनों ने किसी तरह पति से मीनाक्षी का बचाव किया लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। आनन फानन उसे इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना को लेकर मीनाक्षी के भाई राजेन्द्र प्रसाद यादव ने बहनोई अजीत कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 व आर्म्स एक्ट में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के भाई राजेन्द्र यादव की तहरीर पर रिपोर्ट लिख कर आरोपी को अवैध तमंचे समेत गिरफ्तार किया गया है।

Related Posts

Leave a Comment