आंगनबाड़ी भवन निर्माण सामग्री चोरी, सरपंच प्रतिनिधि ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

by Kakajee News

 

बरमकेला। ग्राम पंचायत बेंगची के आश्रित ग्राम प्रधानपुर में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन से लोहे की निर्माण सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर ग्राम पंचायत बेंगची के सरपंच प्रतिनिधि दुलार साहू ने बरमकेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानपुर में आंगनबाड़ी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के लिए लगभग 2 क्विंटल लोहे का सरिया, जिसकी अनुमानित कीमत 11 हजार रुपये बताई गई है, तथा 6 नग लोहे के पाइप, जिनकी कीमत करीब 6 हजार रुपये है, भवन स्थल पर रखे गए थे।
शिकायतकर्ता दुलार साहू ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को स्कूल में आयोजित एक बैठक में जाने के दौरान प्रधानपुर निवासी रविशंकर पटेल, रोहित पटेल एवं अन्य ग्रामीणों ने उक्त निर्माण सामग्री को स्थल पर रखा हुआ देखा था। इसके बाद 18 जुलाई 2026 को निर्माण कार्य के ठेकेदार ने फोन कर जानकारी दी कि आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए रखे गए सरिया और लोहे के पाइप अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं।
सूचना मिलने पर दुलार साहू एवं प्रधानपुर के अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों ने लम्बोदर चौहान निवासी प्रधानपुर तथा धनेश्वर चौहान निवासी बेंगची को घटना से पहले शाम के समय आंगनबाड़ी भवन की ओर घूमते हुए देखा था। इसी आधार पर दोनों व्यक्तियों पर चोरी की आशंका व्यक्त की गई है।
सरपंच प्रतिनिधि ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गई निर्माण सामग्री बरामद करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Related Posts

Leave a Comment