मौसम विभाग ने देश के कई इलाकों में गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक राजस्थान के दूर-दराज के इलाके, विदर्भ और तमिलनाडु में लू चल सकती है, वहीं कई राज्यों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक भारत के अधिकांश इलाकों में गर्मी तेज हो गई है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कई राज्यों में लू की चेतावनी की है और घर से निकलते समय सावधानी बरतने के लिए कहा है।
इन राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा
मौसम विभाग के मुताबिक कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा चुका है। उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश के कई इलाकों में सोमवार को तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री तक ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश राजस्थान और पंजाब में भी तापमान में बढ़ोतरी हुई है। इस प्रदेशों के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश, अंडमान और निकोबार, तेलंगाना के साथ ही देश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया और मौसम में फिलहाल ठंडक बनी हुई है।
मध्यप्रदेश, विदर्भ और मराठवाड़ा में तापमान बढ़ा
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार (5 अप्रैल) को कई राज्यों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। पश्चिम मध्य प्रदेश, विदर्भ और मराठवाड़ा में तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया। पूर्वी मध्य प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के साथ ही कई और इलाकों में गर्मी तेज हो चुकी है और राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र और कच्छ में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। तेज गर्मी के कारण दोपहर में अब लोगों का निकलना कम हो गया है। लोग सिर्फ जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। गौरतलब है कि उड़ीसा और तेलंगाना में बीते कुछ दिनों से गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरु कर दिया था। बीते दिनों राजधानी भुवनेश्वर में गर्मी ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसी तरह तेलंगाना में भी तापमान कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ रहा है।
