खबर का असर…. पचधारी एनिकेट में नहाने पर लगा प्रतिबंध, दो कर्मचारियों की लगाई गई ड्यूटी, पुलिस भी कर रही पेट्रोलिंग

by Kakajee News

कलेक्टर के आदेश पर धारा 144 का कराया जा रहा पालन
रायगढ़. रायगढ़ शहर से लगे केलो नदी की पचधारी स्थल पर अब नहाने जाने वालों पर प्रशासनिक निगरानी रखी जा रही है। साथ ही साथ पुलिस भी समय-समय पर पेट्रोलिंग के जरिए नहाने वालों पर नजर रखते हुए उनके उपर कार्रवाई की तैयारी कर चुकी है। प्रशासन व पुलिस की तैयारी को देखते हुए अब पचधारी पर नहाने वाले धीरे-धीरे गायब हो रहे हैं।
दो दिन पहले ही काकाजी डॉट काम ने इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रसारित किया था। जिस पर जिला कलेक्टर भीम सिंह ने संज्ञान में लेते हुए संसाधन विभाग के दो कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगा दिया है। साथ ही साथ उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने अपनी पेट्रोलिंग टीम का अलर्ट कर दिया है। प्रतिबंध के बावजूद यहां नहाने वाले लगातार आ रहे थे चूंकि इस स्थल पर दर्जनों दुर्घटनाएं के साथ-साथ कुछ लोगों की मौत भी हो चुकी है इसके अलावा मोबाईल चोरी की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई थी। बीच में पुलिस व नगर निगम प्रशासन ने चेतावनी का बोर्ड भी लगाया था जिसके चलते कुछ दिनों तक यहां नहाने वालों में कमी आई थी लेकिन होली के बाद से एक बार फिर से इस स्थल पर भीड़ देखी जा रही थी और इसी लापरवाही को हमने समाचार पत्र के माध्यम से प्रशासन के सामने रखा था जिस पर अब कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दे दी गई है। अब इस पचधारी स्थल पर केलो नदी का यह मुहाना पूरी तरह सुना हो गया है और एक भी नहाने वाला नजर नही आ रहा है।
विदित रहे कि काकाजी डॉट काम ने दो दिन पहले समाचार लगाया था कि शहर के सर्किट हाउस के पीछे गोवर्धनपुर में स्थित पचधारी में जिला प्रशासन के द्वारा पूर्व में यहां नहाने पर प्रतिबंध का बोर्ड लगाया गया है। पचधारी में नहाते पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई एवं जुर्माने का बोर्ड यहां दर्शाया गया है। इसके बावजूद इस स्थल पर प्रतिदिन शताधिक संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण एवं जिले में धारा 144 लागू होनें के बावजूद इस प्रकार की लापरवाही का खामियाजा कहीं न कहीं आने वाले दिनों में शहरवासियों को भुगतना पड़ सकता है।
पचधारी स्थल पर ड्यूटी कर रहे जल संसाधन विभाग के कर्मचारी रूपलाल यादव का कहना था कि जिला कलेक्टर भीम सिंह के आदेश पर वे और उनकी टीम पिछले दो दिनों से पचधारी एनिकेट के दोनों ओर ड्यूटी कर रहे हैं और इस दौरान यहां नहाने आने वाले लोगों को धारा 144 लागू होनें की बात कहते हुए यहां भीड़ न करने और यहां नहाने पर मना किया जा रहा है।
जल संसाधन विभाग के कर्मचारी का यह भी कहना था कि पुलिस के द्वारा भी यहां पर लगातार निगरानी की जा रही है। मना करने के बावजूद अगर कोई व्यक्ति यहां जबर्दस्ती नहाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment