रायगढ़। सिटी कोतवाली पुलिस ने कोतरा रोड़ में बीते दो साल से संचालित हो रहे विवास्पद जीजे हुक्काबार में छठवीं बार छापामार कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर हुक्का, सिगरेट तथा नशीले सामान जब्त करके संचालक को हिरासत में लेते हुए पूछताछ शुरू कर दी है।
कोविड कोरोना की गाईड लाइन की धज्जियां उड़ाता शहर के कोतरा रोड़ दशरथ पान ठेले के पास संचालित जीजे हुक्काबार पहले से ही अपनी पुलिस विभाग में पकड़ की धौंस दिखाकर देर रात तक हुक्काबार का संचालन करता था। इतना ही नही कई बार इस बार के भीतर नाबालिग लडके, लड़कियां हुक्का पीते पकड़ी गई थीं लेकिन पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह की मानवता के चलते उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया जाता था। इसके बाद भी संचालक अपनी हरकतों से बाज नही आ रहा था और आज एक बार फिर से देर शाम करीब 6 बजे सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए हुक्काबार में रखे दर्जनों हुक्का पॉट, कीमती सिगरेट व कई प्रकार के नशीले सामान जब्त किए हैं।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी मनीष नागर को लंबे समय से यह सूचना मिल रही थी कि जीजे हुक्का बार का संचालक नवीन फरमानियां स्थानीय किसी नेता के साथ मिलकर इसे संचालित कर रहा था, इतना ही नही इसका संचालक सिटी कोतवाली के कुछ चुनिंदा पुलिस कर्मियों के साथ सेटिंग करके सालों से हुक्काबार चला रहा था। देर रात तक चलने वाले इस हुक्काबार के चलते मोहल्लेवासी तथा सामाज सेवी लोग खासे परेशान थे। समय-समय पर की जाने वाली शिकायतों के बाद भी इस पर कार्रवाई नही हो रही थी। जिसके चलते सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने आज पूरी तैयारी के साथ इस हुक्काबार में छापामार कार्रवाई करते हुए संचालक पर अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है, और वहां पकड़े गए नाबालिग तथा अन्य युवाओं से पूछताछ करके आगे की कार्रवाई कर रही है।
279
