रविवार की दोपहर जवाहर पुल के नीचे यमुना में मौज-मस्ती करने आए आधा दर्जन युवकों में से तीन दोस्त नदी में डूब गए। सूचना पर पुलिस और परिजन पहुंच गए। पुलिस ने स्टीमर और गोताखोरों की मदद से सोमवार की सुबह एक का शव बरामद कर लिया, जबिक दो की तलाश जारी है। डूबने से पहले दोस्तों ने मस्ती करते हुए सेल्फी के साथ वीडियो भी बनाया था। वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
कौशलपुर न्यू आगरा निवासी गौरव (19) पुत्र धर्मेंद्र, कालू उर्फ सुमित (19) पुत्र जोगेंद्र, प्रेमसरन (18) पुत्र दिलजीत सिंह(12वीं का छात्र) रविवार की दोपहर 2:30 बजे क्षेत्र के तीन अन्य युवकों के साथ यमुना में मौज-मस्ती करने गए थे। उस दौरान मस्ती करते हुए फोटो लिए। सेल्फी वीडियो भी बनाया। यमुना में नहाने के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए। साथियों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। थोड़ी ही देर में तीनों आंखों से ओझल हो गए। युवकों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। तीनों के परिजन यमुना पर पहुंच गए। बेटों के कपड़े और चप्पल वहीं पर रखे हुए थे। सूचना पर थाना कमला नगर और एत्मादुद्दौला का फोर्स पहुंच गया था। युवक एत्मादुद्दौला क्षेत्र में डूबे थे, जबकि उनके कपड़े कमला नगर थाना क्षेत्र की तरफ रखे मिले। रात हो जाने के चलते सोमवार की सुबह पीएसी, स्टीमर की मदद से युवकों की तलाश की गई। सुबह दस बजे कालू उर्फ सुमित का शव मिल गया। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
यमुना में डूबे प्रेम सरन के पिता दिलजीत और मां ममता का रो- रोकर बुरा हाल है। दो बहनें बार- बार बेसुध हो रही हैं। इकलौते बेटे के न मिलने से मां सदमें में है। वहीं गौरव दो बहन व दो भाई में सबसे छोटा है। गौरव अविवाहित था। वह एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। कालू तीन भाई दो बहन हैं। वह जूते का काम करता था।
बन गई जिंदगी की अंतिम सेल्फी
जिस दौरान युवक यमुना में पहुंचे थे उस दौरान मोबाइल से मौज-मस्ती का वीडियो बना रहे थे। वीडियों में यमुना में नहाते युवकों की आवाज भी आ रही है। वह बोल रहे हैं कालू वीडियो बना। सेल्फी वीडियो में युवकों के चेहरे पर खुशी है। फोटो और सेल्फी दोस्तों को भेजी थी। सोशल मीडिया पर भी डाली थी। घटना के बाद ये वीडियो कई मोबाइल में वायरल हो रहा है। वीडियो देख कर माता-पिता फूट-फूट कर रो रहे हैं। परिजनों बार-बार बोल रहे हैं कि काश उन्होने बेटों को यमुना में जाने से रोक दिया होता।
सीमा विवाद में उलझी पुलिस
दोस्तों के डूबने की सूचना पर थाना एत्मादुद्दौला और थाना कमला नगर का फोर्स पहुंचा था। सीमा विवाद को लेकर पुलिस उलझ गई। गंदा पानी होने के चलते स्टीमर व गोताखोरों को तलाश करने में परेशानी हो रही थी। कई बार गोताखोर पानी में उतरे और फिर किनारे आ गए। स्टीमर को कांटा डाल कर यमुना के चारों तरफ बार-बार घुमाया गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि एक युवक का शव बरामद हुआ है। अन्य दो की तलाश कराई जा रही है।
