भारत में कोरोना की दूसरी लहर से तबाही, पाकिस्तान के ईदी फाउंडेशन ने दिया मदद का ऑफर

by Kakajee News

कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से देश में मची तबाही के बीच दुनियाभर के कई देश भारत को मदद की पेशकश कर रहे हैं। चीन के बाद अब पाकिस्तान से भी मदद की पेशकश की गई है। कोरोना की इस लड़ाई में पाकिस्तान से ईदी फाउंडेशन सामने आया है। इस फाउंडेशन ने भारत में कोरोना से जूझ रहे लोगों की मदद करने का ऑफर दिया है। ईदी फाउंडेशन के चेयरमैन फैसल ईदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखकर भारत में अपनी टीम को भेजकर मदद की पेशकश की है।
उन्होंने कहा है कि उनकी टीम के वॉलंटियर्स 50 एम्बुलेंसेस के साथ भारत में आकर लोगों की इस महामारी से लड़ने में मदद करना चाहते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे लेटर में फैसल ने कहा है, ”भारत में महामारी का जो असाधारण प्रभाव पड़ा है, उसके बारे में सुनकर हमें बहुत अफसोस हुआ है, वहां भारी संख्या में लोग काफी कष्ट झेल रहे हैं …. हम 50 एम्बुलेंसों के बेड़े के रूप में मदद करना चाहेंगे।”
फैसल ईदी ने बताया है कि उन्होंने भारत सरकार से एम्बुलेंस और उनकी टीम, जिसमें इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियंस, ऑफिस स्टाफ, ड्राइवर्स और सपोर्टिंग स्टाफ हैं के लिए अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा, ”हम सभी आवश्यक आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे जो हमारी टीम को भारत के लोगों की सहायता करने के लिए आवश्यक है। महत्वपूर्ण रूप से, हम आपसे कोई अन्य सहायता का अनुरोध नहीं कर रहे हैं, क्योंकि हम ईंधन, भोजन और आवश्यक सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं जो हमारी टीम की आवश्यकता होगी।” लेटर में कहा गया है, ”हम केवल आपकी अनुमति और साथ ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग से आवश्यक मार्गदर्शन के लिए अनुरोध करते हैं।”
बता दें कि फैसल ईदी पाकिस्तान में सबसे बड़े चैरिटेबल एम्बुलेंस का नेटवर्क चलाते हैं। इसी फाउंडेशन की मदद से कुछ सालों पहले पाकिस्तान से भारत गीता वापस आई थी। गीता पाकिस्तान में तकरीबन 15 सालों तक रही थी, जिसके बाद कई लोगों की मदद के बाद वह वापस भारत आ सकी थी। वहीं, भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों के बीच पाकिस्तान में लोग भारत की मदद करने की मांग कर रहे हैं। पाकिस्तान में ट्विटर पर लगातार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान से भारत की मदद किए जाने की मांग की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment