शराब दुकानों में कोचियों को अधिक मात्रा में बेची जाती है शराब, आबकारी विभाग की छवि हो रही खराब

by Kakajee News

रायगढ़। एक तरफ जहां आबकारी अमला अवैध शराब के मामले में लगातार कार्रवाई करके सुर्खियों में बना हुआ है तो दूसरी ओर जिले में शासन के संरक्षण में चल रहे शराब दुकानों में नियमों को ताक पर रखकर कोचियों को बड़ी मात्रा में शराब की खेप सप्लाई की जा रही है। बड़े अधिकारियों के नाक के नीचे इस तरह का गोरखधंधा चल रहा है और उन्हें खबर तक नही है। इस पूरे मामले की सच्चाई शराब दुकानों के अंदर-बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल कर आसानी से देखा जा सकता है। इस मामले में भी बड़ी कार्रवाई की जरूरत है। ताकि जिले के सरकारी शराब दुकानों में ही कोचियों को मिल रहे संरक्षण पर कारगर अंकुश लगाया जा सके।
शासकीय नियमों के अनुसार सरकारी शराब दुकानों में सीमित मात्रा में शराब दिए जाने का प्रावधान है, और इसमें इस बात का विशेष ध्यान दिया जाता है कि किसी भी ग्राहक को नियम के विपरीत बड़ी मात्रा में शराब न बेची जाए, लेकिन रायगढ़ शहर के बडपारा, बड़े रामपुर, गोवर्धनपुर इलाके की शराब दुकानों से चुनिंदा ग्राहकों को बड़ी मात्रा में पेटी तथा बोरों में शराब की बड़ी खेप बेची जाती है, जिसमें दुकान संचालक का भी कमीशन फिक्स है। इस प्रकार के शराब बेचने के मामले में अवैध बिक्री शहर के मोहल्लों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में होती है। इतना ही नही कई ग्राहक तो नामचीन ढाबे व होटलों से जुड़े रहते हैं जिनका सीधा संपर्क दुकान संचालकों से होनें से बड़ी मात्रा में शराब की खरीद एक ही ग्राहक को कराई जाती है। इससे यह बात साफ हो जाती है कि अवैध शराब बिक्री के मामले में दुकान संचालक मालामाल हो रहे हैं, और तस्कर भी हजारों की कमाई प्रतिदिन कर रहे हैं। आलम यह है कि गली मोहल्लों के शराब कोचियों पर कारगर कार्रवाई नही होनें की वजह से दिनों दिन शराब कोचियों की संख्या में इजाफा भी हुआ है।
सीसीटीवी कैमरों से हो सकता है खुलासा
शराब दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को सही ढंग से खंगाला जाए तो सुबह से लेकर देर रात तक शराब कोचियों को नियम के विपरीत अधिक मात्रा में शराब बेचे जाने का खुलासा हो सकता है।

Related Posts

Leave a Comment