ज्‍वेलरी शॉप पर फिल्‍मी स्‍टाइल में बदमाशों का धावा, कारोबारी को बंधक बनाकर की लूट

by Kakajee News

बिहार के बेगूसराय में लॉकडाउन की पाबंदियों के बीच बदमाशों ने फिल्‍मी स्‍टाइल में एक ज्‍वेलरी शॉप पर धावा बोल दिया। उन्‍होंने स्‍वर्ण व्‍यवसायी को बंधक बनाकर जमकर लूटपाट की। शनिवार की सुबह-सुबह उन्‍होंने इस वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान बदमाशों ने स्‍वर्ण व्‍यवसायी को बुरी तरह पीटकर घायल भी कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बेगूसराय के सदर अनुमंडल क्षेत्र के नगर थाना स्थित मेन बाजार सोनार पट्टी में यह वारदात हुई। लूट के शिकार स्वर्ण व्यवसायी कन्हैया कुमार ने बताया कि सुबह-सुबह पांच की संख्या में नकाबपोश अपराधी बाइक से वहां आए। उन्‍होंने बाइक खड़ी की और धड़ाधड़ दुकान में घुस गए। उस वक्‍त तीन लोग दुकान में मौजूद थे। बदमाशों ने सभी को बंधक बना लिया और लॉकर की चाबी मांगने लगे। स्‍वर्ण व्‍यवसायी ने थोड़ी आनाकानी की तो बदमाशों ने पिस्‍तौल की बट से उन्‍हें पीटना शुरू कर दिया। इससे कन्‍हैया कुमार बुरी तरह घायल हो गए।
बदमाशों ने लॉकर की चाबी लेने के बाद उसमें रखे सोने और चांदी के जेवरात बाहर निकाल लिए। इसी दौरान दो ग्राहक वहां पहुंचे तो बदमाशों ने उन्‍हें भी बंधक बना लिया। सभी के हाथ-पैर उन्‍होंने बांध दिए। लूट के बाद सभी बदमाश बाइक से पावर हॉउस चौक की तरफ भाग निकले।

पुलिस पर भड़का गुस्‍सा
वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस से लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बाद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। बहरहाल, पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्‍द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Posts

Leave a Comment