रायगढ़। रायगढ़ जिले के होटलों एवं ढाबा में बैठकर शराब सेवन कराना पूरी तरह बंद है, इसके बावजूद कुछ ढाबा संचालको के द्वारा सुबह से लेकर देर रात तक कोरोनाकाल मे कोरोना गाइडलाइन के नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। साथ ही साथ अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। ऐसा नही है कि ढाबा संचालक व होटल संचालकों की इस कारगुजारी की जानकारी आबकारी विभाग या पुलिस को नही है लेकिन सेटिंग के चलते यह धंधा सुबह से लेकर देर रात तक जारी रहता है।
एक समय ऐसा था जब पड़ोसी प्रांत ओडिशा के कनकतुरा के ढाबा में रायगढ़ जिले की अधिकांश गाड़ियां सुबह से लेकर देर रात तक खड़ी दिखती थी। क्योंकि कनकतुरा के ढाबा में शराब सेवन करने की अनुमति है। खासकर बुधवार और रविवार को वहां अधिक भीड़ होती थी। कोरोनकाल कि वजह से वहां अब लोगों का जाना पूरी तरह से बंद हो चुका है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कनकतुरा की तरह अब रायगढ़ के संबलपुरी मार्ग में स्थित ढाबा में होने लगी है। जहां सुबह से देर रात तक ढाबा में ही जाम से जाम छलकाते मदिरा प्रेमियों को देखा जा सकता है।
पुलिस के द्वारा इन दिनों लगातार खुले में शराब पीने वालों के ऊपर कार्रवाई की जा रही थी लेकिन अब अघोषित छूट फिर से मिल गई है जिस पर न तो पुलिस कार्रवाई करती है और न ही आबकारी विभाग। पुलिस के द्वारा लगातार कार्रवाई की वजह से अवैध शराब का कारोबार करने वाले शराब कोचियों में भी हड़कंप व्याप्त है।मगर शहर से बाहर ढाबा में जांच कार्रवाई नही होने की वजह से यहां खुलेआम अवैध रूप से शराब बेचने एवं ढाबा में लोगों को बिठाकर शराब पिलाने का दौर चल रहा है।
शराब तस्करी रोकने हुई पहल
एक जानकारी के अनुसार ओडिसा के कनकतुरा में ठेका बदलने के बाद दुकान का स्थान भी बदल गया है लेकिन जिला कलेक्टर ने शराब की तस्करी रोकने के साथ-साथ शराबियों को वहां जाने से रोकने के लिए एकताल का रास्ता फिर से बंद करवा दिया है जिसके चलते शराब पीने वालों एवं शराब तस्करों को सांपखार या तो एनटीपीसी वाले पुल से होकर कनकतुरा जाना पड़ रहा है।
लगता है शराबियों का मजमा
ओडिसा में शराब दुकान बदलते ही कनकतुरा से रायगढ़ शहर में शराब की तस्करी सांपखार मार्ग पर बेरोकटोक शराब की तस्करी हो रही है। साथ ही साथ यहां सुबह से लेकर शाम तक मदिरा पीने वालों के लिए सबसे सुलभ जगह यह मार्ग नई पहचान बन चुका है। इस क्षेत्र में अलग-अलग समूहों में लोगों को जाम से जाम छलकाते देखा सकता है।
